![]()
फरीदाबाद जिले के खेड़ीपुल क्षेत्र के मंगल बाजार में खरीदारी करने पहुंची एक महिला को 3 अज्ञात महिलाओं ने कथित तौर पर बातों में उलझाकर ठगी का शिकार बना लिया। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने महिला के कानों से करीब 10 ग्राम वजन के सोने के कुंडल उतरवा लिए। महिला का आरोप हो कि बदले में रुमाल में लपेटकर 2 पत्थर उसके हाथ में थमा दिए। महिला को ठगी का पता घर पहुंचने के बाद चला। शिकायत मिलने पर खेड़ीपुल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीवन नगर निवासी शशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे मंगल बाजार खेड़ीपुल में सामान खरीदने के लिए गई थी। इसी दौरान बाजार में उसकी मुलाकात तीन महिलाओं से हुई। तीनों महिलाएं उससे बातचीत करने लगीं और सामान खरीदने को लेकर उससे बातें करती रहीं। बातचीत के दौरान महिला उनके साथ-साथ चलने लगी। कुंडल की जगह रुमाल में पत्थर रखकर दिए कुछ दूरी पर मुख्य सड़क के किनारे तीनों महिलाएं और शशी बैठ गईं। महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान तीनों ने उसे अपने झांसे में ले लिया और कथित तौर पर सम्मोहित कर उसके कानों में पहने सोने के कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद तीनों महिलाओं ने कुंडल अपने हाथ में ले लिए। शशी के अनुसार, महिलाओं ने कुछ देर बाद कुंडल वापस करने की बात कही और उन्हें एक रुमाल में लपेटकर उसके हाथ में दे दिया। महिला को उस समय रुमाल के अंदर रखी वस्तु पर कोई शक नहीं हुआ। वह रुमाल लेकर अपने घर पहुंच गई। घर पहुंचने के बाद जब उसने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें सोने के कुंडलों की जगह दो पत्थर रखे हुए थे। यह देखकर महिला को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसके बाद शशी दोबारा मंगल बाजार पहुंची और काफी देर तक तीनों महिलाओं की तलाश करती रही, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। सीसीटीवी के आधार तलाश कर रही पुलिस पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर खेड़ीपुल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच की टीम कर रही है। पुलिस को सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिल गई है। फुटेज में तीनों संदिग्ध महिलाएं दिखाई दे रही हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Source link
महिला को बातों में उलझाकर सोने के कुंडल ठगे:फरीदाबाद के मंगल बाजार में मिली थी, रुमाल में पत्थर रखकर थमाए
