![]()
बलरामपुर जिला अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में पहली बार टोटल हिप रिप्लेसमेंट (कूल्हे की हड्डी बदलने) की सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। झारखंड के गोदरमाना की रहने वाली 55 वर्षीय मनीता के बाएं फीमर की गर्दन में फ्रैक्चर था, जिसके चलते उनका हिप रिप्लेसमेंट करना जरूरी हुआ। यह जिले में जिला अस्पताल स्तर पर की गई पहली ऐसी जटिल और एडवांस हड्डी रोग सर्जरी बताई जा रही है। ऑपरेशन ऑर्थोपेडिशियन डॉ. श्याम धर सिंह और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण चैतन्य ने किया। इस दौरान उदय मंडल और सुनील यादव ने सहयोग किया। ऑपरेशन थिएटर में पंकज ठाकुर, सुनीता, अनिल कपूर, प्रीति और मनोज दास ने भी आवश्यक सहयोग दिया। फ्रैक्चर के कारण बदलनी पड़ी कूल्हे की हड्डी मरीज मनीता के बाएं फीमर की गर्दन (Neck of Left Femur) में फ्रैक्चर था। चोट के कारण कूल्हे का सामान्य उपचार पर्याप्त नहीं था, इसलिए डॉक्टरों ने टोटल हिप रिप्लेसमेंट का निर्णय लिया। सफल सर्जरी के बाद मरीज की हालत फिलहाल संतोषजनक बताई गई है। विशेषज्ञों और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका सर्जरी को सफल बनाने में CMHO डॉ. विजय कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता और अस्पताल कंसल्टेंट इंचार्ज शशि प्रकाश गुप्ता का प्रशासनिक और संस्थागत सहयोग भी रहा। अब स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा इलाज जिला अस्पताल में पहली बार इस स्तर की हड्डी रोग सर्जरी होने से बलरामपुर और आसपास के मरीजों के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की उम्मीद बढ़ी है। इससे गंभीर हिप फ्रैक्चर और अन्य जटिल ऑर्थोपेडिक मामलों में मरीजों को बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भरता कम होने की संभावना है।
Source link
बलरामपुर जिला अस्पताल में पहली बार हुआ टोटल हिप रिप्लेसमेंट:55 साल की महिला के कूल्हे की हड्डी बदली, सफल रहा ऑपरेशन, हालत संतोषजनक
