भास्कर न्यूज | जांजगीर पामगढ़ पुलिस ने ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर भाई-भाभी पर जानलेवा हमला करने के मामले में दूसरे आरोपी परमेश्वर साहू (25), निवासी कोयला, थाना पामगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी जनकराम साहू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना 29 अगस्त की शाम की है। ग्राम कोसला निवासी जनकराम साहू (50) का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर जनकराम ने बांस की लाठी से पुनीराम के सिर पर कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर पुनीराम की पत्नी ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल पामगढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू की मौत हो गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1) और 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में परमेश्वर साहू की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Source link
जमीनी विवाद में महिला की हत्या, दूसरा आरोपी गिरफ्तार
