दिल्ली के सत्य निकेतन में डेज PG चलाने वाले हरि राम बंसल का मकान गुरुग्राम के सेक्टर-23 में है। इनसेट में हरि राम की फाइल फोटो।
दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को गिरी करीब 40 साल पुरानी बिल्डिंग के मालिक हरि राम बंसल है। वह गुरुग्राम के सेक्टर-23 में रहते हैं। हरि राम बंसल के दो बेटे हैं। इनमें से एक पायलट है, जबकि दूसरा बेटा आनंद बंसल सेक्टर-23 में पेंट की दुकान चलाता है।
.
बिल्डिंग गिरने के बाद से हरि राम बंसल फरार है। साउथ कैंपस थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। उन्हें पकड़ने के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं। इनमें जिला पुलिस, स्पेशल स्टाफ और अन्य ऑपरेशन यूनिट्स के जवान शामिल हैं।
हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोगों को बचाया गया है। 5 लोग गंभीर घायल हैं, जिन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू डॉग और कैमरे के सहायता से लोगों की तलाश की जा रही है।

दिल्ली की यही वह पांच मंजिला इमारत है, जो रविवार को गिरी थी। यहां हॉस्टल डेज के नाम से पीजी चलता था।
घर बंद मिला, अंदर फॉर्च्यूनर खड़ी थी
घटना के बाद दैनिक भास्कर की टीम हरि राम बंसल के सेक्टर-23 स्थित घर पहुंची। घर बंद मिला। बेल बजाने पर भी कोई बाहर नहीं आया। घर का एक गेट पीछे की तरफ है, वह भी बंद था। अंदर फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी दिखाई दी।
टीम ने पड़ोसियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी परिवार के बारे में ज्यादा जानकारी देने को तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान गौरव नाम का एक युवक स्कूटी से वहां पहुंचा। उसने बताया, “फैमिली अच्छी थी। इनकी यहीं मार्केट में दुकान भी है। फैमिली के बारे में इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं जानता।”

हरि राम बंसल के घर के पिछले हिस्से में एक फॉर्च्यूनर खड़ी मिली।
पेंटर बोला- मालिक का व्यवहार अच्छा
घर बंद मिलने के बाद टीम आनंद बंसल की हरि पेंट्स की दुकान पर पहुंची। दुकान भी बंद मिली। यहां भी पड़ोसी परिवार के बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं हुए। दुकान के बाहर खड़े विनोद कुमार ने बताया, “मैं पेंटर हूं। इनकी दुकान से सामान लेकर जाता हूं। आज भी आया था, लेकिन दुकान बंद मिली। फिर पता चला कि दिल्ली में हादसा हो गया है। दुकान मालिक का व्यवहार काफी अच्छा है।”

गुरुग्राम के सेक्टर-23 मार्केट में आनंद बंसल की पेंट और हार्डवेयर की दुकान सोमवार को बंद मिली।
पड़ोसी बोला- कई साल से यहां रह रहे हैं
हरि राम बंसल के पड़ोसी एसके शर्मा ने एक एजेंसी से बातचीत में बताया कि बंसल की बाजार में दुकान है। उन्होंने कहा, “हमारा रिश्ता बस इतना है कि हम कभी-कभी उनकी दुकान से सामान खरीदते हैं। उनका स्वभाव अच्छा है। वे यहां कई सालों से रह रहे हैं। मुझे दिल्ली हादसे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुझे नहीं पता कि सत्य निकेतन में उनका कोई घर है या नहीं, लेकिन यहां उनकी चार-पांच प्रॉपर्टीज जरूर हैं।”
———————————
ये खबरें भी पढ़ें :-
