![]()
आज 8 सितंबर 2026… धार जिले के इतिहास में पहली बार यात्री ट्रेन की सीटी गूंजेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वडोदरा से वर्चुअल माध्यम से प्रतापनगर-वडोदरा से टांडा रोड के बीच नई मेमू यात्री ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन का भी शुभारंभ होगा। टांडा रोड पर धार की ओर से प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार-महू सांसद सावित्री ठाकुर मौजूद रहेंगी। आजादी के बाद से रेल का इंतजार कर रहे धार जिले के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। हालांकि इस उपलब्धि की एक बड़ी कहानी और है—ट्रेन धार जिले में पहुंच रही है, लेकिन धार शहर में नहीं। टांडा रोड तक रेल पहुंचने के बाद भी जिला मुख्यालय धार को अपनी पहली यात्री ट्रेन के लिए अभी इंतजार करना होगा। 18 साल 7 महीने बाद परियोजना का पहला बड़ा पड़ाव छोटा उदयपुर-धार नई रेल लाइन परियोजना की आधारशिला तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने 8 फरवरी 2008 को झाबुआ में रखी थी। 8 फरवरी 2026 को इस परियोजना के शिलान्यास को 18 साल पूरे हो चुके हैं। अब 8 सितंबर 2026 को करीब 18 साल 7 महीने बाद इसके जोबट-टांडा रोड हिस्से पर यात्री रेल कनेक्टिविटी शुरू हो रही है। करीब 157 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना का उद्देश्य गुजरात और मध्यप्रदेश के आदिवासी तथा दूरदराज के इलाकों को रेल नेटवर्क से जोड़ना है। आज शुरू होने वाली ट्रेन सेवा इसी लंबे इंतजार के पहले बड़े पड़ाव के रूप में देखी जा रही है। टांडा रोड तक ट्रेन, धार शहर अभी 46 किमी दूर आज की सबसे अहम बात यही है कि टांडा रोड तक रेल पहुंच रही है, लेकिन धार शहर तक नहीं। टांडा रोड से तिरला-धार की ओर करीब 46 किलोमीटर रेल लाइन का काम अभी बाकी है। इसलिए जिले के मुख्यालय धार में आज भी यात्री ट्रेन की सीटी नहीं सुनाई देगी। धार के लोगों के लिए यह दिन खुशी के साथ एक नया सवाल भी लेकर आया है—टांडा रोड के बाद धार शहर तक रेल कब पहुंचेगी? दो तस्वीरों में शुभारंभ की तैयारी… दूसरी तरफ पीथमपुर से भी रेल जोड़ने की तैयारी धार शहर को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए दूसरी दिशा में इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत काम जारी है। धार-पीथमपुर रेल कनेक्टिविटी इसी बड़े नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी है। धार से पीथमपुर के बीच रेलवे लाइन का ट्रायल हो चुका है, लेकिन नियमित यात्री सेवा शुरू करने के लिए आगे की प्रक्रिया और निर्माण कार्य बाकी हैं। रेलवे की ओर से वर्ष 2026 के अंत तक धार में रेल लाने का लक्ष्य सामने रखा गया था। हालांकि मौजूदा निर्माण स्थिति को देखते हुए इस समयसीमा में नियमित यात्री सेवा शुरू होने को लेकर संशय बना हुआ है। आज से गुजरात जाना आसान होगा टांडा रोड से यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने का सीधा फायदा जिले के गुजरात से जुड़े इलाकों को मिलेगा। अब वडोदरा की ओर आने-जाने के लिए लोगों को सड़क परिवहन पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रेल सेवा शुरू होने से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गुजरात की ओर जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। आदिवासी और दूरदराज के इलाकों के लिए यह कनेक्टिविटी आर्थिक और सामाजिक बदलाव की शुरुआत भी बन सकती है। 16 किमी नई लाइन पर दौड़ेगी ट्रेन टांडा रोड से डेकाकुंड तक करीब 16 किलोमीटर रेल लाइन तैयार की गई है। इसी हिस्से पर आज से यात्री ट्रेन सेवा शुरू होगी। मेमू ट्रेन टांडा रोड और प्रतापनगर-वडोदरा के बीच चलेगी। इससे गुजरात और मध्यप्रदेश के इस सीमावर्ती क्षेत्र को पहली बार यात्री रेल नेटवर्क का सीधा लाभ मिलेगा।
Source link
धार जिले में पहली ट्रेन, शहर अब भी 46KM दूर:पीएम मोदी आज वडोदरा से टांडा रोड ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, मेमू सेवा होगी शुरू
