![]()
हरदा के शासकीय पीएम श्री स्वामी विवेकानंद आर्ट्स कॉमर्स कॉलेज में तीन साल पहले बनी नई बिल्डिंग में निर्माण संबंधी खामियां सामने आई हैं। विश्व बैंक योजना के तहत करीब 3 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से 6 अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया गया था। अब बिल्डिंग की छत, दीवारों और कॉलम में दरारें दिखाई दे रही हैं। बिल्डिंग की सबसे निचली छत से बारिश का पानी टपक रहा है। इसी जगह छात्र अपने वाहन खड़े करते हैं। बारिश के दौरान पानी गिरने से यहां वाहन खड़े करने वाले छात्रों के लिए परेशानी बनी हुई है। पिलरों से भी पानी रिसने की बात सामने आई है। छत और दीवारों में दिख रही बड़ी दरारें कॉलेज में कमरों की कमी को देखते हुए यह निर्माण कार्य पीआईयू विभाग के माध्यम से कराया गया था। 5 फरवरी 2023 को तैयार हुई बिल्डिंग की छतों से पानी रिस रहा है। कमरों की दीवारों और कॉलम में भी कई जगह दरारें दिखाई दे रही हैं। छात्र संगठनों ने कार्रवाई की मांग की छात्र संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने करोड़ों रुपए की लागत से बनी बिल्डिंग में निर्माण दोष सामने आने पर ठेकेदार और तत्कालीन अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि ठेकेदार को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने के कारण उस पर कार्रवाई नहीं हो रही है। छात्र पदाधिकारियों का यह भी कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के लिए ठेकेदार की ओर से अब तक पर्याप्त काम नहीं कराया गया है। प्राचार्य बोले- वारंटी पीरियड में है बिल्डिंग कॉलेज के प्राचार्य संतोष गौर ने बताया कि बिल्डिंग अभी 2 साल के वारंटी पीरियड में है। निर्माण एजेंसी से संपर्क कर बिल्डिंग की मरम्मत के लिए कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार को भी पत्र लिखा गया है। दरारों और पानी रिसने वाली जगहों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बिल्डिंग को आगे क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके।
Source link
हरदा कॉलेज की नई बिल्डिंग 3 साल में खस्ताहाल:साढ़े 3 करोड़ की लागत से बनी बिल्डिंग में दरारें, छत से टपक रहा पानी
