मोबाइल नंबर लिंक होने पर सीधे वेरिफाइड वाट्सएप अकाउंट से आएगा लिंक



भास्कर न्यूज | जांजगीर राजस्व संबंधी जानकारी और दस्तावेज हासिल करने के लिए अब किसानों को पटवारी कार्यालय, तहसील या लोक सेवा केंद्र के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शासन ने भुइयां वाट्सएप चैटबॉट और ऑटो-डायवर्जन सेवा शुरू की है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे अपनी जमीन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। खास बात यह है कि जिन किसानों के खसरा रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर लिंक है, उनके मोबाइल वाट्सएप पर जमीन संबंधी दस्तावेज और जानकारी के लिंक भेजे जा रहे हैं। शासन स्तर पर इस सेवा की शुरुआत जुलाई माह में की गई थी। अब जिले में भी किसानों को चरणबद्ध तरीके से वाट्सएप के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों के मोबाइल पर भुइयां छत्तीसगढ़ के वेरिफाइड वाट्सएप अकाउंट से संदेश भेजा जा रहा है। इसमें अलग-अलग लिंक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसान लिंक पर क्लिक करते ही संबंधित जमीन की जानकारी वाली पीडीएफ मोबाइल पर खोल सकता है। इसे जरूरत के अनुसार डाउनलोड कर सुरक्षित रखा जा सकता है और आवश्यकता पड़ने पर इसका प्रिंट भी निकाला जा सकता है। जिले में करीब दो लाख से अधिक किसान हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में किसानों को इसका फायदा होगा। नामांतरण की तारीख सहित अन्य जानकारी भी मिलेगी भुइयां चैटबॉट के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही जानकारी में जमीन के बी-1 दस्तावेज में दर्ज विवरण देखा जा सकता है। इसमें खातेदार या किसान का नाम, भूमि से संबंधित विवरण और नामांतरण से जुड़ी जानकारी जैसी प्रविष्टियां उपलब्ध रहेंगी। जमीन के रिकॉर्ड में हुए जरूरी अपडेट भी डिजिटल माध्यम से देखने की सुविधा मिलेगी। मोबाइल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से रिकॉर्ड देखा और डाउनलोड किया जा सकेगा। 7289056060 पर वाट्सएप से मिलेगी सुविधा… राज्य में शुरू की गई भुइयां वाट्सएप चैटबॉट सेवा के लिए किसान मोबाइल नंबर 72890-56060 पर वाट्सएप के माध्यम से संदेश भेज सकते हैं। इसके जरिए घर बैठे जमीन संबंधी विभिन्न सेवाओं का उपयोग किया जा सकेगा। चैटबॉट से जमीन की जानकारी मिल जाएगी। गिरदावरी की जानकारी भी मोबाइल पर मिल जाएगी इस सेवा की एक अहम सुविधा गिरदावरी की जानकारी है। किसान अपने मोबाइल पर भेजे गए लिंक के माध्यम से अपनी जमीन की गिरदावरी से संबंधित विवरण देख सकेंगे। खेती-किसानी के लिहाज से गिरदावरी रिकॉर्ड महत्वपूर्ण होता है। इसमें खेत और फसल से जुड़ी जानकारी दर्ज होती है। बैंक, कृषि कार्य या अन्य जरूरतों के दौरान जमीन संबंधी दस्तावेज की जरूरत पड़ने पर डिजिटल रिकॉर्ड से जानकारी आसानी मे मिली जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *