![]()
जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले छात्रों को अब डिग्री लेने के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2025-26 में पास होने वाले छात्रों की डिग्रियां डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। छात्र मोबाइल फोन से ही अपनी डिजिटल डिग्री डाउनलोड कर सकेंगे। डिजिलॉकर पर डिग्री उपलब्ध होने से छात्रों को नौकरी, उच्च शिक्षा में प्रवेश और अन्य जरूरी कामों के लिए डिग्री की हार्ड कॉपी लेकर चलने की जरूरत कम होगी। डिजिटल डिग्री को जरूरत के समय मोबाइल से निकाला जा सकेगा। प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों को छात्रों को जानकारी देने के निर्देश विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस व्यवस्था की जानकारी प्राचार्यों, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों और निदेशकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने छात्रों को डिजिटल माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर से जारी पत्र में संबंधित अधिकारियों से छात्रों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी देने को कहा गया है। ऐसे डिजिलॉकर पर मिलेगी डिजिटल डिग्री डिग्री डाउनलोड करने के लिए छात्रों को सबसे पहले डिजिलॉकर पर अपना अकाउंट बनाना होगा। इसके लिए वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन में नाम, जन्मतिथि, लिंग और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर जैसी जानकारी देनी होगी। इसके बाद छह अंकों का सुरक्षा कोड और आधार संख्या दर्ज कर वेरिफिकेशन करना होगा। अकाउंट सत्यापित होने के बाद छात्र डिजिलॉकर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का चयन करेंगे। इसके बाद रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन/नामांकन संख्या और पास होने का वर्ष दर्ज करना होगा। जानकारी भरने और सहमति देने के बाद डिजिटल डिग्री उपलब्ध हो सकेगी।
Source link
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की डिग्री अब डिजिलॉकर पर:2025-26 के छात्र मोबाइल से कर सकेंगे डाउनलोड, विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे
