Headlines

रतनगढ़ बूथ 32 पर ईवीएम खराब, आधा घंटे रुका मतदान:राजलदेसर में वोटिंग जारी; सुबह 10 बजे तक 24% से ज्यादा वोट पड़े




चूरू में निकाय चुनाव के दूसरे चरण में रतनगढ़ और राजलदेसर में शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। रतनगढ़ के बूथ नंबर 32 पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आने से करीब आधा घंटे तक मतदान रुका रहा। सुबह दस बजे तक रतनगढ़ में 24.47 फीसदी और राजलदेसर में 26.72 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दोनों निकाय क्षेत्रों में कुल 82,501 मतदाता अपनी शहरी सरकार चुनने के लिए दिनभर वोट डालेंगे। मतदान केंद्रों पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रतनगढ़ नगरपालिका के 45 वार्डों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिसमें 194 प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्वाचन विभाग ने इसके लिए 63 मतदान केंद्र बनाए हैं। जिन बूथों पर 1,400 से ज्यादा मतदाता हैं, वहां चार सहायक बूथ भी स्थापित किए गए हैं, ताकि मतदाताओं को परेशानी न हो। दूसरी ओर, राजलदेसर नगर पालिका के 35 वार्डों के लिए 35 बूथों पर मतदान चल रहा है। यहां 23,286 मतदाता 124 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। दिव्यांग मतदाताओं के लिए बूथों पर रैंप और ट्राई साइकिल की व्यवस्था भी की गई है। निर्वाचन अधिकारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि शाम छह बजे से पहले बूथ में प्रवेश करने वाले सभी मतदाता वोट डाल सकेंगे। शाम छह बजे के बाद बूथ में प्रवेश वर्जित रहेगा। शहर में 10 बूथ संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *