![]()
जैसलमेर के रामदेवरा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाने-पीने की चीजें मिल सकें, इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इस दौरान टीम ने खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता परखी और कुल पांच अलग-अलग नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम कड़वासरा ने बताया- जांच के लिए जिन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं, उनमें खाद्य तेल, छाछ, धनिया पाउडर, दही, दूध और फ्रूट ड्रिंक शामिल हैं। विभाग की टीम ने इन सभी नमूनों को सील कर दिया है और इन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खराब और पुराना सामान मौके पर नष्ट निरीक्षण के दौरान दुकानदारों के यहां भारी लापरवाही सामने आई। टीम ने मौके पर ही कड़ा रुख अपनाते हुए करीब 15 लीटर ऐसा तेल नष्ट करवाया जिसका बार-बार उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा 17 किलोग्राम एक्सपायरी पापड़, दो किलो सिंघाड़ा आटा और एक किलो ग्रीन चिली सॉस भी मिला, जिसे तुरंत प्रभाव से फिंकवा दिया गया। दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि वे जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ न करें। मोबाइल वैन से हो रही तुरंत जांच मेले में आने वाले लोगों को तुरंत राहत देने के लिए ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ यानी मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की मदद ली जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम कड़वासरा ने बताया कि इस मोबाइल लैब के जरिए मेले में ही दूध और दही की तुरंत जांच की जा रही है, जिससे मिलावट का तुरंत पता चल सके। विभाग की टीम ने सभी दुकानदारों को साफ-सुथरा माहौल रखने, अच्छी गुणवत्ता का सामान बेचने और पुराना या एक्सपायरी सामान न रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का यह दौर मेले के समापन तक लगातार जारी रहेगा।
Source link
रामदेवरा मेले में खाद्य-सुरक्षा टीम ने तेल-दूध के सैम्पल लिए:मोबाइल लैब से मौके पर हुई जांच, एक्सपायरी सामान किया नष्ट
