Headlines

अंब में शादी के कुछ घंटे में दुल्हन भागी:जालंधर की लड़की असली के चक्कर नकली जेवर लेकर निकली, ससुराल वालों ने रास्ते में पकड़ा




हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के अंतर्गत आते गांव अम्बोटा से शादी के नाम पर ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पंजाब के जालंधर से ब्याह कर लाई गई एक दुल्हन शादी की रस्में पूरी होने के कुछ ही घंटों बाद देर रात चुपचाप घर से फरार हो गई। हालांकि, दूल्हा पक्ष की सतर्कता और चालाकी के कारण उसे उसकी मां सहित रास्ते में ही धर दबोचा गया। असली समझकर आर्टिफिशियल गहने लेकर भागी इस पूरे घटनाक्रम में दूल्हा पक्ष की सूझबूझ सबसे बड़ी ढाल बनी। दरअसल, परिवार ने पहले हुए ऐसे ही मामलों से सबक लेते हुए एक अनोखा कदम उठाया था। परिवार ने दुल्हन को असली की बजाय आर्टिफिशियल (नकली) गहने पहनाए थे। शादी के बाद से ही दुल्हन बार-बार ससुराल वालों से गहनों के असली होने के बारे में पूछ रही थी। जब ससुराल वालों ने उसे भरोसा दिलाया कि गहने पूरी तरह असली हैं, तो वह मौका पाकर देर रात गहने समेटकर घर से भाग निकली। दुल्हन को घर से गायब देख दूल्हा पक्ष को तुरंत भनक लग गई। उन्होंने बिना वक्त गंवाए पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पैदल जा रही दुल्हन और उसकी मां को रंगे हाथों पकड़ लिया। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि दुल्हन का मकसद घर बसाना नहीं, बल्कि गहने और नकदी समेटकर रफूचक्कर होना था। थाने पहुंची बात, फिर आपसी सहमति से हुआ समझौता पकड़े जाने के बाद दोनों पक्षों को पुलिस थाने ले जाया गया। पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में भी दुल्हन अपने पति के साथ न रहने का कोई ठोस कारण नहीं बता पाई। उसने सिर्फ इतना ही कहा कि वह इस घर में नहीं रहना चाहती। आखिरकार, इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। चूंकि दोनों पक्षों ने आपस में मामला सुलझा लिया, इसलिए इस संबंध में पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत या मामला दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस की अपील, अनजान बिचौलियों से रहें सावधान लगातार बढ़ रहे ऐसे मामलों पर डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि शादी तय करने से पहले लड़की और उसके परिवार की पूरी पृष्ठभूमि की गहनता से जांच-पड़ताल करें। किसी भी अनजान व्यक्ति या बिचौलिए के कहने पर बिना पुलिस सत्यापन के रिश्ता तय न करें। रिश्ते हमेशा जान-पहचान वाले और विश्वसनीय लोगों के माध्यम से ही करें, ताकि ऐसी ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *