Headlines

आठनेर के मंदिरों में सिलसिलेवार चोरी:CCTV फुटेज आया सामने; एक ही गिरोह पर पुलिस का शक, जांच तेज




बैतूल के आठनेर में मंदिरों में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला है। बस स्टैंड स्थित नागदेव मंदिर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक अज्ञात युवक देर रात मंदिर परिसर में घुसता दिख रहा है। फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने बस स्टैंड स्थित नागदेव मंदिर, मुलताई रोड के ओंकारेश्वर मंदिर समेत नगर के चार से अधिक मंदिरों को निशाना बनाया था। चोरों ने दान पेटियां तोड़कर नकदी चुरा ली और कुछ स्थानों पर अलमारी व अन्य सामान भी खंगाला। थाना क्षेत्र के कुछ ग्रामीण इलाकों में भी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस इन सभी वारदातों की एक साथ जांच कर रही है। एसडीओपी भूपेंद्र मौर्य ने आठनेर पहुंचकर नागदेव मंदिर, ओंकारेश्वर मंदिर सहित सभी प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया। जांच में डॉग स्क्वॉड के सदस्य ‘जिप्पी’ की मदद भी ली गई, जिसने घटनास्थलों पर सुराग तलाशे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जुटाए हैं। मामले के जांच अधिकारी एसआई मांगीलाल ठाकरे ने बताया कि चोरी हुए अधिकांश मंदिरों के सीसीटीवी कैमरों में स्टोरेज न होने के कारण आरोपी स्पष्ट रूप से कैद नहीं हो सके। हालांकि, बस स्टैंड स्थित नागदेव मंदिर और एक-दो अन्य स्थानों के फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रही है। संदिग्ध की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और आवश्यकता पड़ने पर उसका स्केच भी तैयार कराया जाएगा। एसडीओपी भूपेंद्र मौर्य के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सभी वारदातों का तरीका एक जैसा पाया गया है। इससे एक ही संगठित चोर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नगर के गुप्तेश्वर मंदिर और ओंकारेश्वर मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से नगरवासियों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि एक-दो दिन में मामले का खुलासा होने की संभावना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *