![]()
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में नहाने पहुंचा 13 साल का स्टूडेंट बह गया। किशोर अपने दोस्तों के साथ ट्यूशन से बंक मारकर नहर पर आया था। किशोर के नहर में डूब जाने के बाद उसके दोस्त किनारे पर रोते रहे। आसपास के लोगों ने कारण पूछकर तुरंत गोताखोर प्रगट सिंह को सूचना दी गई। किशोर की पहचान वरुण निवासी बाहरी गांव के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वरुण प्राइवेट स्कूल में 8वीं क्लास में पढ़ता है। नहर किनारे वरुण के कपड़े और चप्पल बरामद हुए। पता चलते ही गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नहर में सर्च अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बावजूद वरुण का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान भी रोकना पड़ा। किनारे बैठे रो रहे बच्चों से घटना का पता चला गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि उनको ग्रामीणों से पता चला कि नहर के किनारे तीन बच्चे बैठे रो रहे हैं। वे उन बच्चों के पास पहुंचे और उनसे रोने का कारण पूछा। तब बच्चों ने बताया कि उनका दोस्त वरुण नहाते समय नहर में डूब गया है। इसके बाद पुलिस और वरुण के परिवार सूचना दी गई। घर से ट्यूशन के लिए निकला था वरुण वरुण कुरुक्षेत्र के गांव बाहरी गांव में परिवार के साथ रहता है। उसके पिता राजबीर के मुताबिक, वरुण घर से ट्यूशन के लिए निकला था। परिवार को यह जानकारी नहीं थी कि वह ट्यूशन जाने के बजाय दोस्तों के साथ नहर में नहाने चला गया है। अब परिवार नहर किनारे पहरा लगाकर बैठे हैं। सुबह फिर चलाया जाएगा सर्च अभियान वरुण के कपड़े और चप्पल नहर किनारे मिलने के बाद गोताखोरों की टीम ने आसपास के हिस्से में भी तलाश की। हालांकि रात होने तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि सुबह रोशनी होने पर नहर में दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा। घटना शाम करीब साढ़े 5 बजे की बताई जा रही है। दबखेड़ी पुल पर आया था नहाने प्रगट सिंह ने बताया कि वरुण के नहर में डूबने के करीब आधे घंटे उनकी टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। वरुण अपने दोस्तों के साथ दबखेड़ी पुल के पास नहाने के लिए आया था। हालांकि बच्चे डर की वजह से पूरी बात नहीं बता रहे हैं कि वरुण नहाते हुए डूबा या फिर उसका पांव फिसलने से नहर में गिर गया। अभी उसका कोई सुराग नहीं लगा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
कुरुक्षेत्र में नहर पर नहाने आया स्टूडेंट डूबा:ट्यूशन से बंक मार दोस्तों के साथ आया; किनारे बैठे रो रहे बच्चों से पता चला
