Headlines

नालंदा- महिला प्रिंसिपल को तेज रफ्तार हाइवा ने रौंदा, मौत:तीज की पूजा कर स्कूल लौटते समय हादसा, आक्रोशितों ने राजगरी-इस्लामपुर सड़क को किया जाम




नालंदा के छबिलापुर में तेज रफ्तार हाइवा ने एक महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका एक प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल थी और वो तीज का पूजा कर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर राइसपर के पास हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई। इसके बाद हाइवा का टायर महिला के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनका सिर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद मृतका के परिजन और आक्रोशित लोगों ने राजगीर-इस्लामपुर सड़क को जाम कर दिया है। पिछले दो घंटे से सड़क पर जाम लगा हुआ है। मृतका की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के नवादापर गांव की रहने वाली 25 साल की ममता कुमारी के रूप में हुई है। ममता कुमारी राइसपर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल थी। वो स्कूल कैंपस में ही पति के साथ रहती थी। उनके पति संजीत कुमार इसी स्कूल के डायरेक्टर हैं। घटना से जुड़ी तीन तस्वीरें देखिए जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तड़के ममता कुमारी तीज को लेकर पड़ोस में पूजा करने गई थी। पूजा कर स्कूल लौटने के दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ममता कुमारी की 5 साल पहले शादी हुई थी। वो दो बच्चों की मां थी। मृतका के भाई सौरभ कुमार ने बताया कि सुबह के समय परिवार के अधिकांश लोग सो रहे थे, तभी अचानक ये हादसे की खबर आई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ममता कुमारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि ड्राइवर हाइवा को लेकर फरार हो गया। सड़क पर उतरे ग्रामीण, लगा लंबा जाम हादसे की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण सड़क पर उतर आए और शव को बीच सड़क पर रखकर राजगीर-इस्लामपुर मार्ग को जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी स्थानीय प्रशासन से घटनास्थल के समीप तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाने, लापरवाह हाइवा चालक को अविलंब गिरफ्तार करने और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं। प्रशासनिक स्तर पर मान-मनौव्वल जारी सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही छबिलापुर थाना अध्यक्ष अनोज कुमार पाठक भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे कैमरों और चश्मदीदों से सुराग जुटाने में लगी है, जबकि ग्रामीणों को शांत कराकर मार्ग पर यातायात बहाल करने की कोशिशें लगातार जारी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *