Headlines

सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने लिया रैली की तैयारियों का जायजा:महेंद्रगढ़ में राज्य स्तरीय विश्वकर्मा जयंती समारोह, सीएम सैनी करेंगे शिरकत




महेंद्रगढ़ में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और विधायक कंवर सिंह यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। यह कार्यक्रम 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ खेल स्टेडियम में भगवान विश्वकर्मा जयंती के राज्य स्तरीय समारोह के रूप में आयोजित होगा। इस दौरान डीसी अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार भी मौजूद रहे। सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी, मीडिया, आमजन और महिलाओं के बैठने के लिए अलग-अलग जोन बनाए जाएंगे। इससे किसी को असुविधा नहीं होगी। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि पंडाल के हर जोन में पीने का पानी, कूलर और पंखे भी लगाए जाएंगे। डीसी बोलीं- समारोह स्थल पर रहेंगी सभी सुविधाएं मौजूद डीसी अनुपमा अंजली ने जानकारी दी कि समारोह स्थल और उसके आसपास पीने के पानी के साथ-साथ पर्याप्त शौचालय की भी व्यवस्था होगी। इससे नागरिकों को कोई परेशानी नहीं होगी। डीसी ने बताया कि समारोह में आने वाले लोगों के लिए राजकीय महिला कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। समारोह स्थल पर एंट्री के लिए तीन अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। एक गेट महिला कॉलेज की पार्किंग की तरफ से है, जबकि दो गेट स्टेडियम के मुख्य द्वार पर हैं। महेंद्रगढ़ शहर से पैदल आने वाले लोगों के लिए राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय की तरफ से बने गेट से एंट्री की व्यवस्था की गई है। वीआईपी और आमजन के लिए अलग- अलग एंट्री गेट डीसी ने कहा कि गर्मी को देखते हुए पंडाल में पीने का पानी, कूलर, पंखे और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी से निभाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए वीआईपी और आमजन के प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। इस दौरान एसडीएम योगेश सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव और पूर्व विधायक बहादुर सिंह सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *