![]()
डिंडोरी जिले की करंजिया जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहतरा में कर्मचारियों की कमी से परेशान जनप्रतिनिधियों ने बुधवार को अनोखा विरोध दर्ज कराया। पंचायत में सचिव और रोजगार सहायक न होने के चलते नाराज सरपंच लक्ष्मी टेकाम ने उपसरपंच और पंचों के साथ मिलकर पंचायत भवन में ताला लगा दिया। इसके बाद वे जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और भवन की चाबी वहां जमा करा दी। एक महीने से खाली पद, भटक रहे 5 हजार ग्रामीण सरपंच लक्ष्मी टेकाम ने बताया कि ग्राम पंचायत मोहतरा की आबादी 5 हजार से अधिक है, लेकिन पिछले एक महीने से यहां न तो सचिव हैं और न ही रोजगार सहायक। पूर्व रोजगार सहायक का तबादला हो चुका है, जबकि पूर्व सचिव कैलाश मरावी अस्वस्थ होने के कारण नियमित रूप से नहीं आ पा रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने 11 सितंबर को नए सचिव गुल सिंह की नियुक्ती के आदेश दिए थे, लेकिन उन्होंने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। पेंशन, समग्र आईडी और ई-केवाईसी जैसे जरूरी काम अटके कर्मचारियों की गैर-मौजूदगी के कारण रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और ई-केवाईसी जैसे जरूरी शासकीय कार्यों के लिए पंचायत भवन के चक्कर काट रहे हैं। काम न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश पनप रहा है। सरपंच का कहना है कि जब दफ्तर में काम करने वाला कोई कर्मचारी ही नहीं है, तो पंचायत भवन खोलकर रखने का कोई औचित्य नहीं है। जल्द पदस्थापना की मांग, जिला पंचायत CEO ने लिया संज्ञान जनप्रतिनिधियों ने जनपद प्रशासन से मांग की है कि पंचायत में तत्काल नियमित सचिव और रोजगार सहायक की तैनाती की जाए ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ मिल सके। इस मामले में जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने बताया कि जनपद सीईओ से वस्तुस्थिति की जानकारी ली जा रही है और जल्द ही कर्मचारियों की पदस्थापना के आदेश जारी कर व्यवस्था सुचारू की जाएगी।
Source link
डिंडोरी में कर्मचारियों की कमी पर सरपंच का फूटा गुस्सा:मोहतरा पंचायत भवन में ताला लगाकर जनपद में जमा कराई चाबी; सचिव-GRS न होने से काम ठप
