![]()
राजगढ़ के खुजनेर थाना क्षेत्र के घोड़ाखेड़ा गांव में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 टीम के पुलिसकर्मी से मारपीट कर दी गई। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने पहुंची दूसरी पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया गया। दोनों घटनाओं में एक ASI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा है। दोनों घटनाओं को लेकर अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई है। डायल-112 पहुंची तो पुलिसकर्मी से मारपीट 17 सितंबर की रात डायल-112 को घोड़ाखेड़ा गांव से सूचना मिली थी कि राकेश वर्मा की पत्नी मंजू वर्मा के साथ ससुराल पक्ष के लोग विवाद और मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर टीम गांव पहुंची। पुलिस के अनुसार, वहां राहुल भिलाला को देखकर राकेश व उसके परिवार के लोग विवाद करने लगे। आरोप है कि उन्होंने राहुल के साथ मारपीट की और शासकीय काम में बाधा डाली। राहुल ने इसकी सूचना खुजनेर थाने को दी। इसके बाद टीआई रवि ठाकुर पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। राजगढ़ की ओर भागे, खैरासी के पास पकड़े पुलिस को आरोपियों के राजगढ़ की ओर जाने की सूचना मिली। खुजनेर पुलिस ने राजगढ़ पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद एसपी कार्यालय की डीसीबी शाखा में पदस्थ ASI शादाब खान, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, आरक्षक ललित तोमर और आरक्षक श्याम रघुवंशी तलाश में निकले। लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम करेडी से खैरासी की ओर पहुंची। यहां राकेश वर्मा और महेंद्र वर्मा को पकड़ लिया गया। परिजनों ने पुलिस पर पत्थर-डंडे से हमला किया पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पीछे से बाइक से पहुंचे विजय सिंह, कांताबाई और एक नाबालिग को आवाज देकर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसी दौरान राकेश और महेंद्र पुलिस की पकड़ से छूट गए और उन्होंने भी पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके। आरोप है कि विजय सिंह के पत्थर से ASI शादाब खान की कनपटी और गाल पर चोट आई। नाबालिग ने ASI की भुजा पर काटने के साथ डंडे से वार किया। कांताबाई ने आरक्षक ललित तोमर की कनपटी पर पत्थर मारा। वहीं राकेश और महेंद्र के पत्थर फेंकने से आरक्षक श्याम रघुवंशी की पीठ में चोट आई। पांच आरोपी पकड़े, दो अलग FIR घटना के बाद पुलिस ने राकेश वर्मा, महेंद्र वर्मा, विजय सिंह, कांताबाई और एक नाबालिग को पकड़ लिया। घोड़ाखेड़ा की घटना में पुलिसकर्मी राहुल भिलाला की शिकायत पर खुजनेर थाने में पांचों के खिलाफ शासकीय काम में बाधा और मोबाइल लूटने का मामला दर्ज किया गया है। खैरासी के पास पुलिस टीम पर हमले और शासकीय काम में बाधा डालने को लेकर राजगढ़ कोतवाली में अलग FIR दर्ज की गई है। पत्नी की शिकायत पर घरेलू हिंसा की FIR खुजनेर टीआई रवि ठाकुर ने बताया कि मंजू वर्मा की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया गया है। इसमें पति राकेश वर्मा, सास कांताबाई, महेंद्र वर्मा, विजय सिंह और एक नाबालिग को आरोपी बनाया गया है। पुलिसकर्मी से मारपीट और मोबाइल लूटने की शिकायत पर अलग मामला दर्ज किया गया है।
Source link
राजगढ़ में डायल-112 पुलिसकर्मी से मारपीट:घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, ASI समेत 3 घायल; 5 आरोपी पकड़ाए
