गोलीबारी के बाद मृतक के परिजन सड़क पर हंगामा करते हुए। इनसेट में मृतक की फाइल फोटो।
अमृतसर में पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार रात करीब 10:50 बजे एक्टिवा सवार दो युवकों ने उस पर कई राउंड फायर किए।
.
एक युवक के सीने के पास लगी। गंभीर हालत में उसे अमनदीप अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक जोमैटो में डिलीवरी का काम करता था और करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसका एक साल का बच्चा है।
इस्लामाबाद थाना पुलिस मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

साहिल गिल जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जानिए क्या है पूरा मामला…
घर से 40 कदम और चौकी से 50 कदम दूर वारदात
मृतक की पहचान कोटखालसा निवासी साहिल गिल के रूप में हुई। वारदात साहिल के घर से करीब 40 कदम की दूरी पर हुई। घटनास्थल कोट खालसा पुलिस चौकी से भी करीब 50 कदम दूरी पर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्टिवा पर दो युवक वहां पहुंचे और साहिल पर कई राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली उसे लगी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी एक्टिवा से फरार हो गए।

सब्जी लेने निकला, कुछ देर बाद गोली लगने की सूचना मिली
साहिल के पिता मुख्तियार सिंह के मुताबिक, बेटा घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। करीब 10 मिनट बाद मोहल्ले के लोगों ने घर पहुंचकर बताया कि साहिल को गोली मार दी गई है। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो साहिल घायल हालत में पड़ा था। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

पिता बोले- बेटे की किसी से रंजिश नहीं थी
पिता से बेटे की किसी से रंजिश या लड़ाई-झगड़े के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि उनके बेटे की किसी के साथ कोई रंजिश या विवाद नहीं था। उन्हें भी कभी ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं मिली।

SHO से ADCP तक मौके पर पहुंचे, आरोपियों की तलाश
फायरिंग की सूचना मिलते ही SHO समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ADCP स्तर के अधिकारी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई चल रही है।
—————-
यह भी पढ़ें-
अमृतसर में ASI की गोलियां मारकर हत्या:अस्पताल में इलाज दौरान मौत; बाइक पर गश्त कर रहे थे, परिवार को ₹1 करोड़ देगी पंजाब सरकार

अमृतसर में गुरुवार देर रात एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना गेट हकीमां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह करीब 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। पूरी खबर पढ़ें….
