![]()
बठिंडा में बेखौफ बदमाशों ने एक ऑटो चालक पर जानलेवा हमला कर नकदी, मोबाइल और दस्तावेज लूट लिए। वारदात मानसा रोड स्थित 400 एकड़ इंडस्ट्रियल एरिया के पास देर शाम अंजाम दी गई। हमलावरों ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियारों से वार कर चालक के सिर व पैरों में गंभीर चोटें पहुंचाईं। लहूलुहान हालत में पीड़ित को सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसके सिर में 10 से 12 टांके आए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर बस स्टैंड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
सवारी बनकर बैठे, सुनसान राह पर रुकवाया ऑटो
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन परसराम नगर (गली नंबर 38/डी) निवासी बिशन सिंह ने बताया कि वह रोजी-रोटी के लिए ऑटो चलाता है। शुक्रवार देर शाम वह बस स्टैंड के बाहर सवारियों के इंतजार में खड़ा था। इसी दौरान दो युवक आए और मानसा रोड स्थित 400 एकड़ इंडस्ट्रियल एरिया चलने की बात कही।बिशन सिंह के अनुसार, जब वह इंडस्ट्रियल एरिया के पास पहुंचे, तो पीछे बैठे युवक ने बहाना बनाकर ऑटो रुकवा लिया। चालक ने जैसे ही रुकने की वजह पूछी, तभी पीछे से एक अन्य ऑटो आकर रुका, जिसमें से दो और अज्ञात युवक नीचे उतरे।
रॉड से सिर पर वार किए, ऑटो भी छीनने की कोशिश
गाड़ी रुकते ही दोनों सवार युवकों ने बिशन सिंह को दबोच लिया। इसके बाद पीछे से आए बदमाशों ने लोहे की भारी रॉड और तेजधार हथियारों से उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने सिर, हाथ और टांगों पर ताबड़तोड़ कई वार किए।पीड़ित के मुताबिक, हमलावरों ने उसका पर्स छीन लिया, जिसमें करीब साढ़े तीन हजार रुपये, पहचान पत्र समेत जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। इसके अलावा बदमाश उसका मोबाइल फोन भी लूट ले गए। लुटेरों ने ऑटो भी छीनने का प्रयास किया, लेकिन लहूलुहान होने के बावजूद चालक के लगातार शोर मचाने पर आरोपी दूसरे ऑटो में सवार होकर मानसा रोड की तरफ फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पीसीआर
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तुरंत 112 हेल्पलाइन पर पुलिस को सूचना दी। पीसीआर और एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक चालक के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जिस पर 10 से 12 टांके लगाने पड़े हैं।
पुलिस जांच: सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल जारी
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल ऑटो चालक के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। बस स्टैंड के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों और मानसा रोड के रास्तों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
बठिंडा में ऑटो चालक से नकदी व मोबाइल लूटा:सवारी बनकर बैठे थे बदमाश, सुनसान जगह ले जाकर पीटा, सिर में लगे टांके
