![]()
बांकीपुर विधानसभा की सीट पर सभी पार्टियों के प्रत्याशी ने नामांकन भर दिया है। सोमवार को जनसुराज के प्रशांत किशोर, बीजेपी के नए कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा और तेज प्रताप की पार्टी से वीणा मानवी ने नामांकन दाखिल किया है। इसके पहले राजद की प्रत्याशी रेखा कुमारी गुप्ता ने भी अपना नामांकन भरा था। अब आज से सभी कैंडिडेट्स चुनाव के प्रचार प्रसार में जुट जाएंगे। इधर, नामांकन के साथ जमा किए गए चुनावी हलफनामों से बीजेपी, जनसुराज, जेजेडी प्रत्याशियों की दौलत, कर्ज, पढ़ाई-लिखाई, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों का दिलचस्प ब्यौरा सामने आया है। बीजेपी के नीरज के पास न मकान, न कर्ज भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार 32 वर्षीय नीरज कुमार पटना के मीठापुर के रहने वाले हैं। पीके के मुकाबले नीरज कुमार की संपत्ति बेहद सीमित है और वह पूरी तरह कर्ज मुक्त हैं। नीरज कुमार की कुल चल संपत्ति 12.28 लाख रुपये है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के रिटर्न के अनुसार उनकी सालाना आय 6,71,760 रुपये रही, जिसमें पिछले 3 सालों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। नीरज कुमार के नाम पर कोई अपना आवासीय मकान, फ्लैट या व्यावसायिक बिल्डिंग नहीं है। उनके पास सिर्फ रहुई मौजा में विरासत में मिली 10.93 डिसमिल पुश्तैनी कृषि भूमि है, जिसकी बाजार कीमत करीब 8 लाख रुपये है। किसी भी बैंक या सरकार का कोई कर्ज नहीं है, वे अभी अविवाहित हैं। प्रशांत किशोर के पास 198 करोड़ की संपत्ति जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट से पहली बार खुद चुनावी राजनीति के मैदान में उतरे हैं। उनके हलफनामे के मुताबिक, पीके और उनका परिवार अरबों की संपत्ति का मालिक है, लेकिन उन पर करोड़ों का कर्ज भी है। प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के पास कुल मिलाकर करीब 198.16 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रशांत किशोर की सालाना कमाई करीब 58.45 लाख रुपये और उनकी डॉक्टर पत्नी की सालाना आय करीब 40.23 लाख रुपये रही। प्रशांत किशोर के पास लगभग 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति (कैश, बैंक बैलेंस, निवेश) है, जबकि उनकी पत्नी के नाम पर करीब 89.51 करोड़ रुपये की बड़ी चल संपत्ति है। उनके बेटे दैविक के पास भी 7.19 लाख रुपये की चल संपत्ति है। पीके के पास अपनी कमाई से खरीदी हुई 59.25 करोड़ रुपये की और विरासत में मिली 14.62 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इसके अलावा रोहतास के कोनार गांव में उनकी एक पुरानी राइस मिल (जमीन की कीमत 9.75 लाख) भी है। वहीं, उनकी पत्नी के पास अपनी खरीदी हुई 4.22 करोड़ और पैतृक रूप से मिली 8.20 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। पीके पर 5.77 करोड़ और पत्नी पर 55.38 लाख रुपये का कर्ज प्रशांत किशोर पर HDFC बैंक का करीब 5.77 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी पर करीब 55.38 लाख रुपये का कर्ज है। प्रशांत किशोर की 100% हिस्सेदारी वाली कंपनी ‘वेधास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड’ ने साल 2024-25 में जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये और जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये का बड़ा दान दिया है। वीना मानवी की कितनी है संपत्ति जन शक्ति जनता दल की प्रत्याशी 48 वर्षीय वीना मानवी पटना सिटी की रहने वाली हैं और कॉर्पोरेट सेक्टर से राजनीति में आई हैं। वीना और उनके परिवार के पास कुल 1.68 करोड़ रुपये की संपत्ति है। दिलचस्प बात यह है कि उनके हलफनामे के मुताबिक, उनके पति पार्थ सारथी के नाम पर कोई भी चल या अचल संपत्ति दर्ज नहीं है। उनके पास करीब 37.69 लाख रुपये की चल संपत्ति है, जिसमें 115 ग्राम सोना (कीमत 15.26 लाख), 500 ग्राम चांदी और एलआईसी व केनरा एचएसबीसी में 20 लाख रुपये का निवेश शामिल हैं। अचल संपत्ति के तौर पर उनके पास ग्रेटर नोएडा (यूपी) और रांची (झारखंड) में दो फ्लैट/मकान हैं, जिनकी कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये है। वीना मानवी पर आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक का होम लोन और इंश्योरेंस लोन मिलाकर 36.32 लाख रुपये का कर्ज बकाया है। वह वर्तमान में ‘मकान डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी में सीईओ (CEO) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी आय का जरिया सैलरी है। उन्होंने 1999 में मगध विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduate) की पढ़ाई की है। वीना मानवी के खिलाफ 3 आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें गर्दनीबाग, फतुहा और कंकड़बाग थानों में धोखाधड़ी (धारा 420), आईटी एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। कल बीजेपी और जनसुराज कैंडिडेट ने किया नामांकन बता दें कि सोमवार को नीरज कुमार सिन्हा भाजपा कार्यालय से रथ में सवार होकर नामांकन करने निकले थे। उनके नामांकन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री मंगल पांडे समेत कई सीनियर लीडर मौजूद रहे। देखें तस्वीरें… वहीं, नामांकन से पहले जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर में पूजा की। स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित जनसभा में प्रशांत किशोर 5 मिनट के लिए पहुंचे। यहां से वो अपने कार्यकर्ताओं के साथ पर्चा भरने के लिए निकले। उनके रोड शो में भरत तिवारी के पोस्टर भी नजर आए। तेज प्रताप की कैंडिडेट हुई थी गिरफ्तार वहीं,तेजप्रताप की पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी नामांकन के बाद जैसे ही बाहर निकलीं, पटना पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ 2009 में एक परिवाद दायर किया गया था। इसी मामले में उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था। इसके अलावा, 2016 में उनके खिलाफ फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी और दलित उत्पीड़न का मामला भी दर्ज हैं। हालांकि उनको बेल मिल गई है।
Source link
बीजेपी के नीरज की संपत्ति 12.28 लाख:न खुद का मकान और न कोई कर्ज; PK की 198.16 करोड़ की संपत्ति, ₹5.77 करोड़ लोन
