Headlines

फतेहाबाद में पूर्व विधायक हुए नाराज:बोले-घर का कुत्ते को भी न बुलाओ तो वह दूर जाकर बैठता है, इग्नोर करना पार्टी की मजबूती नहीं




सिरसा लोकसभा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा, हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की मौजूदगी में सोमवार को फ़तेहाबाद जिले के टोहाना और रतिया में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अधिवेशनों का आयोजन किया गया। टोहाना सम्मेलन के दौरान मंच से बोलते हुए वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह की नाराजगी खुलकर सामने आ गई। मंच संभालते ही उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें बोलने का वक्त नहीं मिलना था। उन्होंने वर्तमान विधायक परमवीर सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा, “मैंने परमवीर जी से कहा कि आपका नाम लिया, आप विधायक हैं, मैं पूर्व विधायक हूं। पहले बोलना मेरा फर्ज है, पता नहीं इनका क्या प्रोग्राम है।” निशान सिंह ने संगठन में गुटबंदी पर प्रहार करते हुए कहा कि “परिवार की मजबूती तभी हो सकती है जब आपस में गुटबंदी न हो। यदि हम किसी को इग्नोर करते हैं, घर का कुत्ता भी रखा हो और उसे न बुलाओ तो वह दूर जाकर बैठ जाता है। घर तभी मजबूत होता है जब मिलकर और राय करके चलें।” मंच पर इग्नोर करने पर पूर्व विधायक की नाराजगी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे टिकट नहीं मिला, कोई दिक्कत नहीं। मैंने जलसा करके लोगों से आह्वान किया कि आओ परमवीर जी की मदद करें और उन्हें विधायक बनाएं। उसके बाद वे विधायक बने।” मैंने बधाई दी, उन्होंने बधाई ली या नहीं, यह अलग बात है। यह उनके विवेक का सवाल है। लेकिन मैं भी यहां से सेवक रहा हूं, हरियाणा में सत्ताधारी पार्टी का अध्यक्ष भी रहा हूं। मंच पर बैठाकर यदि किसी को इग्नोर किया जाए, तो यह पार्टी की मजबूती नहीं है। मजबूती तभी आएगी जब हम इस थोड़ा प्रोटोकॉल का ध्यान रखें। ‘कार्यकर्ता ही पार्टी और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी’ सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और मजदूरों की समस्याओं और अधिकारों की आवाज पूरी मजबूती से उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर जनता के साथ खड़े हों, क्योंकि कार्यकर्ता ही पार्टी और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी है। ‘सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता ही मजबूत संगठन की बुनियाद’ हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता ही मजबूत संगठन की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ढांचा गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय और जवाबदेह होना चाहिए ताकि स्थानीय मुद्दों का समाधान कराया जा सके। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद और उनकी जवाबदेही तय करना ही संगठन को शक्ति देता है। कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद टोहाना के विधायक परमवीर सिंह ने शीर्ष नेतृत्व का स्वागत किया। ये वरिष्ठ नेता रहे मौजूद इन अधिवेशनों की अध्यक्षता फतेहाबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने की, जबकि टोहाना ब्लॉक सम्मेलन का आयोजन अध्यक्ष हरबंस लाल और रतिया सम्मेलन का आयोजन अध्यक्ष गुरसेवक सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह, कांग्रेस लीगल सेल के चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल, मंगतराम लालवास, सुधीर गोदारा, वीरभान मेहता, जयपाल सिंह लाली, कृष्णा पूनिया, कनेक्ट सेंटर के कोऑर्डिनेटर दीपक लांबा, सुरेंद्र वरतीया सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *