Headlines

भोपाल में अधिवक्ता से पुलिस की मारपीट,वकीलों ने घेरा थाना:थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग; पैरों पर चोट के निशान, कपड़ों पर कीचड़ के दाग




भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक अधिवक्ता के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर दिया। वकीलों ने थाना प्रभारी राजन अहिरवार और उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। मामला अधिवक्ता राकेश रावल, उम्र करीब 45 वर्ष, से जुड़ा बताया जा रहा है। राकेश रावल के मुताबिक वे खटलापुरा मंदिर की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उनका वाहन रोक लिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनसे वाहन लेकर चलने को कहा। उन्होंने वाहन में पेट्रोल नहीं होने की बात कही तो पुलिसकर्मी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। टॉयलेट भी पूरी नहीं करने दी, पीछे से डंडे बरसाए
अधिवक्ता राकेश रावल ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने पहले उनसे गाड़ी वहीं लगवाई। इसके बाद जब वे बाथरूम करने गए तो पीछे से पुलिसकर्मी आए और डंडों से मारना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों से बाथरूम पूरा करने के लिए कुछ देर रुकने को कहा, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। राकेश के मुताबिक, इसके बाद उन्हें गालियां दी गईं और साथ मौजूद पुलिसकर्मियों से उन्हें पकड़कर कीचड़ में डालने के लिए कहा गया। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें कीचड़ में पटकने के बाद भी डंडों से पीटा। फरियादी वकील ने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी राजन को पहचान लिया था। उनका कहना है कि उन्होंने राजन से यह भी कहा कि वे दोनों एक-दूसरे को जानते हैं और वह भी वकील हैं, इसलिए विवाद खत्म किया जाए। इसके बाद भी मारपीट नहीं रुकी, ऐसा राकेश का आरोप है। घटना के बाद सामने आए वीडियो में राकेश रावल के पैरों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। उनके कपड़े भी कीचड़ से सने हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में शरीर के अन्य हिस्सों और आंख के आसपास भी चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन चोटों की वजह और मारपीट में पुलिसकर्मियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वकीलों ने थाने का घेराव किया
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंचे। वकीलों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि पुलिसकर्मियों ने वकील के साथ मारपीट की है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। वकील थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। देर रात तक थाने के बाहर अधिवक्ताओं की भीड़ जमा रही। एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें जहांगीराबाद थाने पर वकीलों के इकट्ठा होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे मामले की जानकारी पता करवा रहे हैं और यह स्पष्ट किया जा रहा है कि पूरा मामला क्या है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *