Headlines

जालंधर में कार ने डेढ साल की बच्ची को कुचला:मौत के बाद परिवार ने पुलिस पर लगाया मिलीभगत का आरोप




जालंधर के मिठापुर इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां ‘घोड़े वाली कोठी’ के पास घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची को पड़ोस में रहने वाले एक कार चालक ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपी कार चालक नशे की हालत में था और घटना के बाद गाड़ी रोककर देखने की बजाय मौके से भाग खड़ा हुआ। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा न्याय की मांग कर रहे हैं। यह घटना शाम करीब 8:30 बजे की है। मूल रूप से यूपी के बहराइच जिले के रहने वाले किराएदार परिवार की डेढ़ साल की बच्ची अपने घर के गेट के सामने बैठकर खेल रही थी। बच्ची की मां भी पास में ही बैठी हुई थी। इसी दौरान पड़ोस का ही रहने वाला एक व्यक्ति अपनी कार लेकर आया और उसने बिना कोई हॉर्न बजाए मासूम बच्ची के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। कार का टायर सीधे बच्ची के सिर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गई।
बच्ची को पिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्ची को पिम्स (PIMS) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि जिस गली में हादसा हुआ, वह एक बंद गली (डेड एंड) है, जहां गाड़ियों की तेज आवाजाही नहीं होती। आरोप है कि चालक शराब के नशे में धुत था और हादसे के तुरंत बाद अपनी कोठी में जाकर छिप गया।
आरोपी पक्ष के लोग मामले को रफा-दफा करने में जुटे पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन पर ढुलमुल रवैया अपनाने और आरोपी पक्ष के साथ मिलीभगत करने का गंभीर आरोप लगाया है। मां का दावा है कि आरोपी पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे थे और मामले को रफा-दफा (समझौता) करने का दबाव बना रहे थे। परिजनों का कहना है कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात दर्ज हो सकती है, लेकिन पुलिस ने अब तक फुटेज की जांच नहीं की है। परिवार में सात बच्चे हैं और इस सबसे छोटी मासूम गुड़िया की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत और डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, परिजनों का साफ कहना है कि वे किसी समझौते के पक्ष में नहीं हैं और आरोपी कार चालक को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *