![]()
कैथल में खनौरी रोड स्थित भारत ईको फ्यूल पेट्रोल पंप पर साझेदारी में धोखाधड़ी कर 1.30 करोड़ रुपए हड़पने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों ने फतेहपुर के एक युवक को साझेदारी कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया था। आरोपियों में गांव पट्टी खोत निवासी सुरेश कुमार व इंप्लॉइज कॉलोनी निवासी सुरेंद्र कुमार शामिल हैं। पार्टनर ने दी शिकायत गांव फतेहपुर निवासी हेमंत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसकी और उसके पिता की मुलाकात सुरेंद्र कुमार और हरिकेश से हुई थी। उन्होंने सुरेश कुमार से मिलवाकर पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी लेने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद शिव शक्ति ईको फ्यूल के नाम से फर्म बनाई गई और साझेदारी डीड तैयार की गई। हेमंत ने अपनी प्रॉपर्टी पर करीब 60 लाख रुपए का लोन करवाया और अपने व परिवार के खातों से करीब 35 लाख रुपए भारत ईको फ्यूल कंपनी को दिए। शिकायत में करीब 90 लाख रुपए एनओसी और कनेक्शन समेत अन्य कामों में खर्च होने की बात कही गई है। पेट्रोल-डीजल की बिक्री में अनियमितता का आरोप शिकायतकर्ता के अनुसार सितंबर 2025 में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री शुरू हुई। इसके बाद उसे कथित तौर पर पता चला कि सुरेश कुमार पेट्रोल-डीजल की बिक्री में अनियमितता कर रहा है। जब वह और उसके पिता पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट कर बाहर निकाल दिया। सुरेश के परिवार से साहिल कुमार ने बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। फर्जी रसीद और चेक पर हस्ताक्षर का आरोप शिकायत के मुताबिक पेट्रोल पंप की एनओसी के लिए 50 हजार रुपए की रसीद कटवाई गई थी, लेकिन इसी रसीद को फर्जी तरीके से तैयार कर उससे 1.50 लाख रुपए लिए गए। इसके बाद पेट्रोल पंप के कार्यालय में रखी संयुक्त खाते की चेकबुक से 24 नवंबर 2025 को 8 लाख रुपए कंपनी को ट्रांसफर करवाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाइअर् की मांग की है। शहर थाना एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कैथल में पैट्रोल पंप में साझेदारी के बहाने धोखाधड़ी:पार्टनर से हड़प लिए 1.30 करोड़, दो साझेदारों पर केस
