![]()
अंबेडकरनगर में बिजली चोरी रोकने और राजस्व की वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मध्यांचल बिजली वितरण निगम की टीम ने स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली की असल खपत कम दिखाने का मामला पकड़ा है। टीम ने गुरूवार रात करीब 9 बजे जहांगीरगंज इलाके के मामपुर गांव में एक अस्पताल और एक घर में लगे दो स्मार्ट मीटर जब्त किए हैं। मीटरों की जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद अब जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है। रामनगर बिजली उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर रविंद्र मौर्य और टीजी-2 अजय कुमार गुरुवार शाम राजस्व की वसूली और बिजली चोरी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चला रहे थे। इस दौरान जहांगीरगंज बाजार के मामपुर में चल रहे एक अस्पताल में चार किलोवाट और एक किलोवाट क्षमता के दो बिजली कनेक्शन मिले। चेकिंग के दौरान अधिकारियों को मौके पर बिजली की असल खपत और स्मार्ट मीटर में दर्ज रीडिंग में अंतर दिखा। संदेह होने पर टीम ने दोनों स्मार्ट मीटरों की जांच की। मीटर की सेटिंग में छेड़छाड़ किए जाने की आशंका होने पर बड़े अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद आलापुर के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अवधेश यादव, मीटर एसडीओ एचपी सिंह और सब-डिविजनल ऑफिसर राधा सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मीटरों की जांच की, जिसमें गड़बड़ी मिली। इसके बाद टीम ने दोनों मीटरों को निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अवधेश यादव ने बताया कि दोनों स्मार्ट मीटरों में गड़बड़ी पाई गई है। मीटर की पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद बिजली चोरी और मीटर के गलत उपयोग के मामले में नियमों के हिसाब से मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में स्मार्ट मीटर से जुड़े दूसरे कनेक्शनों की भी जांच को लेकर हलचल बढ़ गई है।
Source link
अंबेडकरनगर में स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी पकड़ी गई:अस्पताल और घर के दो मीटर जब्त, जांच के बाद दर्ज होगा केस
