Headlines

बिना लाइफ जैकेट कुंड में उतरीं खंडवा महापौर:खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान लापरवाही; क्रेन पर मंत्री विजय शाह भी सवार थे




खंडवा में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम की ओर से भैरव तालाब पर बनाए गए 27 फीट गहरे कृत्रिम कुंड को लेकर व्यवस्थाओं पर सवाल उठे हैं। करीब 56 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए इस कुंड में विसर्जन के दौरान मंत्री विजय शाह, महापौर अमृता यादव और अन्य जनप्रतिनिधि क्रेन पर चढ़कर प्रतिमा विसर्जित करते नजर आए। आम लोगों के लिए नगर निगम ने क्रेन और लिफ्ट की व्यवस्था की थी। प्रतिमाओं को क्रेन के झूले में रखने के बाद निगम कर्मचारी उन्हें कुंड में विसर्जित कर रहे थे। कर्मचारियों के पास लाइफ जैकेट और सपोर्टिंग सिस्टम भी मौजूद था। हालांकि, नेताओं के क्रेन पर चढ़ने के दौरान मंत्री विजय शाह को छोड़कर किसी अन्य नेता ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी। 27 फीट गहरे कुंड के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए। देखिए दो तस्वीरें… प्रचार के लिए नेताओं को क्रेन पर चढ़ाया
बताया जा रहा है कि नगर निगम ने कृत्रिम कुंड को लेकर शहर में बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार किया। बैनर-पोस्टर लगाए गए, वहीं सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाने को लेकर इनफ्लुएंसर भी मौके पर मौजूद रहे। इसी दौरान महापौर अमृता यादव और एमआईसी सदस्यों ने मंत्री विजय शाह के मौके पर पहुंचने के बाद उनसे क्रेन पर चढ़कर गणेश प्रतिमा विसर्जित करने का आग्रह किया। मंत्री के साथ अन्य जनप्रतिनिधि भी क्रेन पर पहुंचे। मौके पर मौजूद एक पार्षद ने सुरक्षा का हवाला देते हुए आपत्ति जताई। इसके बाद निगम कर्मचारी से लाइफ जैकेट लेकर मंत्री विजय शाह को दी गई। लेकिन क्रेन पर मौजूद अन्य नेताओं ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। आम लोगों के लिए कर्मचारियों ने किया विसर्जन
नगर निगम ने कृत्रिम कुंड में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग व्यवस्था बनाई थी। छोटी और बड़ी प्रतिमाओं को कुंड में डालने के लिए क्रेन मशीन और लिफ्ट का इस्तेमाल किया गया। आम लोगों के लिए व्यवस्था यह थी कि वे क्रेन के झूले में प्रतिमा रखते थे, जिसके बाद निगम कर्मचारी क्रेन के जरिए प्रतिमा को कुंड में विसर्जित करते थे। इस प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों के पास लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा साधन मौजूद थे। 56 लाख की लागत से तैयार हुआ कुंड
पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इस बार गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भैरव तालाब पर कृत्रिम कुंड तैयार किया गया। अब तक शहर की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन यहां मौजूद प्राचीन पदमकुंड में होता रहा है। नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने हिंदू संगठनों और भाजपा के अलग-अलग गुटों के साथ चर्चा कर प्रतिमाओं को नए कृत्रिम कुंड में विसर्जित करने के लिए सहमति बनाई। इस कुंड के निर्माण पर करीब 56 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। निर्माण कार्य पार्षद और एमआईसी सदस्य राजेश यादव के माध्यम से कराया गया। 27 फीट गहराई पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
कुंड की गहराई करीब 27 फीट है। ऐसे में क्रेन पर खड़े होकर विसर्जन करने के दौरान सुरक्षा साधनों का इस्तेमाल नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठे हैं। थोड़ी सी चूक होने पर गंभीर हादसा हो सकता था। मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने भी नेताओं के इस तरह क्रेन पर चढ़ने को लेकर मौखिक रूप से आपत्ति जताई थी। इसके बावजूद मंत्री और जनप्रतिनिधियों द्वारा क्रेन से प्रतिमा विसर्जन का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *