जशपुर में कांग्रेस का कलेक्टोरेट घेराव, पुलिस से झूमाझटकी:एसआईआर और चुनावी गड़बड़ी के आरोपों पर किया प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग




जशपुर में सोमवार को कांग्रेस ने एसआईआर और चुनाव परिणामों में कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रणजीता स्टेडियम चौक पर धरना दिया और कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। जिले भर के कांग्रेसी रणजीता स्टेडियम चौक पर जमा हुए और संविधान निर्माता भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदर्शन शुरू किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष यूडी मिंज ने मतदाता सूची शुद्धिकरण और चुनाव परिणामों में गड़बड़ी पर राहुल गांधी के संघर्ष का जिक्र किया। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदेश सचिव हीरू राम निकुंज ने इसे मतदाताओं से धोखा और लोकतंत्र के खिलाफ अपराध बताया। धरना के बाद कांग्रेसी कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने निकले। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग पर नारेबाजी की गई। पुलिस को चकमा देकर ज्ञानेश कुमार का पुतला कलेक्टर कार्यालय पहुंचने से पहले जलाया। कलेक्टर कार्यालय में घुसने की कोशिश इसके बाद कांग्रेसियों ने पुलिस की घेराबंदी तोड़कर कलेक्टर कार्यालय के अंदर जाने की कोशिश की। पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी, इसलिए जवानों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में कांग्रेसियों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और आंदोलन खत्म किया। सुरक्षा घेरे में रहा कलेक्टर कार्यालय कांग्रेस के आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही कलेक्टर कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी थी। कार्यालय के दोनों मुख्य गेट के साथ पीछे का गेट भी बंद कर दिया गया था। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर मौजूद रही। आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से खत्म होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *