Headlines

विश्व पर्यटन दिवस:धरोहर के प्रचार में जीपीएम अव्वल, एडवेंचर पर्यटन में जशपुर की ट्रिप्पी हिल्स को अवॉर्ड




विश्व पर्यटन दिवस पर छत्तीसगढ़ के दो जिलों की अलग-अलग पर्यटन खूबियों को राज्यस्तरीय पहचान मिली। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक धरोहर के प्रचार-प्रसार के लिए सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड मिला, जबकि जशपुर की ट्रिप्पी हिल्स को एडवेंचर पर्यटन गतिविधियों के लिए सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। रायपुर में 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पुरस्कार प्रदान किए। इसी अवसर पर जीपीएम की पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। जीपीएम को यह सम्मान जिले की प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के प्रयासों के लिए मिला। धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक में क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व, पुरातात्विक धरोहर और पर्यटन संभावनाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। जशपुर की ट्रिप्पी हिल्स वर्ष 2019 से जिले की प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को पर्यटकों तक पहुंचाने का काम कर रही है। संस्था ने ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, केव एक्सप्लोरेशन, वाटर एक्टिविटीज और कैंपिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया है। स्थानीय युवाओं को गाइड के रूप में प्रशिक्षण देने और स्थानीय होमस्टे व पारंपरिक खान-पान को पर्यटन से जोड़ने पर भी काम किया गया है। जिला प्रशासन के सहयोग से ‘जशपुर जंबूरी’ जैसे एडवेंचर आधारित आयोजनों ने भी जिले की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक मंच दिया है। धनपुर की कॉफी टेबल बुक का विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने किया। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों से 400 ट्रैवल एजेंसियां जुड़ीं
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के बाजार से जोड़ने के लिए अब टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंसियों के साथ सीधे कारोबारी रिश्ते बढ़ाए जाएंगे। विश्व पर्यटन दिवस पर नवा रायपुर के मे-फेयर लेक व्यू रिजॉर्ट में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केटप्लेस-2026’ में इसकी रणनीति पर चर्चा हुई। B2B बैठकों में नए टूर पैकेज बनाने, पर्यटक समूह लाने और निवेश की संभावनाएं तलाशी गईं। आयोजन में देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, होटल संचालक और पर्यटन संस्थाएं शामिल हुईं। प्रदेश के प्राकृतिक, आदिवासी, आध्यात्मिक और पुरातात्विक स्थलों को पर्यटन उत्पाद के रूप में प्रस्तुत किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *