![]()
कोडरमा जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से कराने की पूरी तैयारी कर ली है। पूजा शुरू होने में अब सिर्फ 10 दिन बचे हैं, इसलिए कोडरमा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार शाम एसपी कुमार शिवाशीष और अन्य पुलिस अधिकारियों ने जिले के कई पूजा पंडालों का दौरा किया। उन्होंने आयोजकों से तैयारियों की पूरी जानकारी ली। एसपी ने पंडालों के पास ट्रैफिक और भीड़ कंट्रोल करने के तरीकों का जायजा लिया। कुमार शिवाशीष ने बताया कि पूजा शांतिपूर्ण हो, इसके लिए खास पंडालों का दौरा कर भीड़ और अन्य जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारी रूट मैप बनाएंगे। इसमें ट्रैफिक, श्रद्धालुओं की भीड़ और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर काम होगा। सिविल यूनिफार्म में पुलिस के जवान रहेंगे तैनात
भ्रमण के दौरान एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पूजा के दौरान अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धालुओं की भीड़ को कंट्रोल करने सहित मेले में उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन तैयार है। उन्होने बताया कि मेले में विशेष निगरानी रखने के लिए सभी पूजा पंडाल में आयोजकों को सीसीटीवी कैमरा लगाने का आदेश दिया गया है। इसके अलावे ज्यादा भीड़ वाले पूजा पंडालों में पुलिस द्वारा अपना एक नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। अलग-अलग पूजा पंडालों के बाहर सिविल यूनिफार्म में पुलिस के जवान मुस्तैद रहेंगे। ड्रोन से पॉकेटमारों और स्नैचरों पर रखी जाएगी नजर
इधर, एसपी ने बताया कि पूजा के दौरान चेन स्नैचर व पॉकेटमार भीड़ में घुसकर चेन स्नैचिंग और पॉकेटमारी की घटना को अंजाम देने का प्रयास करते हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा पहले तो वैसे लोग जो पूर्व में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं, उनकी जानकरी अलग-अलग थानों से निकालकर सभी को पूजा से पहले थाने बुलाकर हिदायत दे दी जाएगी। साथ ही सभी पूजा पंडालों के बाहर ड्रोन से ऐसे संदेहास्पद लोगों पर निगरानी भी रखी जाएगी। विसर्जन के दौरान विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी
एसपीस ने कहा कि ज्यादातर घटनाएं विसर्जन के दौरान देखने को मिलती हैं। ऐसे में हमारी प्रार्थमिकता रहेगी कि पूजा के बाद विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो। इसके लिए विशेष पुलिस बल की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही विसर्जन के दौरान फूहड़ व भड़काऊ गाने ना बजें इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। वहीं, जिन तालाबों व नदियों में मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जाता है, वहां पर अतिरिक्त पुलिस बल बहाल किए जाएंगे।
Source link
दुर्गोत्सव की तैयारी तेज, पुलिस ने पंडालों का किया निरीक्षण:एसपी ने आयोजकों से ली जानकारी, विसर्जन में फूहड़ गाने बजाने वालों पर होगी कार्रवाई
