![]()
नीमच शहर में सरकारी मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना से गुस्साए बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र शनिवार शाम कैंट थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायती आवेदन सौंपा। वहीं दूसरी तरफ, मंडी इंस्पेक्टर निलेश चौहान ने भी थाने पहुंचकर छात्र पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित छात्र हर्ष गुप्ता के अनुसार, शुक्रवार रात वह होटल से खाना खाकर बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को हल्की टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवार गाली-गलौज करने लगा। छात्र का दावा है कि उसने आत्मरक्षा में धक्का दिया, जिससे कार सवार गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उसे कार से कुचलने और जान से मारने की धमकी दी। कॉलेज गेट पर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप छात्र हर्ष गुप्ता का आरोप है कि शनिवार सुबह जब वह मेडिकल कॉलेज गेट के पास था, तब दो लोगों ने उस पर हमला कर दिया और कुल्हाड़ी से वार करने का प्रयास किया। बचाव के दौरान उसे चोटें आईं और बीच-बचाव करने आए अन्य छात्रों के साथ भी हाथापाई की गई। घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के डीन भी कैंट थाने पहुंचे, जहां छात्रों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई। मंडी इंस्पेक्टर का पलटवार दूसरी ओर, मंडी इंस्पेक्टर निलेश चौहान ने छात्र के आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि छात्र नशे की हालत में थे और उन्होंने उनके साथ मारपीट की है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत आवेदन प्राप्त हुए हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नीमच में मेडिकल छात्र थाने पहुंचे:बोले- कार से कुचलने की धमकी मिली; आरोपों पर मंडी इंस्पेक्टर ने कहा- स्टूडेंट्स नशे में थे
