![]()
भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री और अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी की करंट लगने से हुई मौत के मामले में शनिवार शाम वकीलों और युवाओं ने मशाल जुलूस निकाला। शाम करीब 6 बजे डीबी मॉल के सामने घटनास्थल के पास जुटे प्रदर्शनकारी मशाल लेकर एमपी नगर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। भोपाल जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट राजेश व्यास ने कहा कि 27 सितंबर को डीबी मॉल के सामने बिजली के पोल के संपर्क में आने से दिव्यऋषि की मौत हुई थी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद अज्ञात व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ लापरवाही से मौत का केस दर्ज किया है। मांग है कि निलंबित कार्यपालन यंत्री आशीष श्रीवास्तव और सहायक यंत्री सुमित सिंह की भूमिका की आपराधिक जांच कर जिम्मेदारी सामने आने पर उनके नाम एफआईआर में जोड़े जाएं। प्रदर्शनकारियों ने बिजली व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अन्य अधिकारी-कर्मचारियों और खंभों के मेंटेनेंस का ठेका लेने वाली एजेंसी की भूमिका की भी जांच की मांग की। व्यास ने कहा कि शहर में कई जगह बिजली के खंभों पर तार खुले पड़े हैं, जिनसे हादसे का खतरा बना हुआ है। अस्पताल पर लगे आरोपों की जांच की मांग ज्ञापन में नर्मदा ट्रॉमा सेंटर में दिव्यऋषि को भर्ती करने से इनकार और एंबुलेंस से एम्स ले जाने को कहे जाने के आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लापरवाही सामने आने पर संबंधित डॉक्टर, अस्पताल प्रबंधन या जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई हो। जांच की समय-सीमा तय करने और परिवार को प्रगति की लिखित जानकारी देने की मांग भी की गई।
Source link
डीबी मॉल से एमपी नगर थाने तक निकाला जुलूस:करंट से भाजपा नेता की मौत के बाद मशालें लेकर थाने पहुंचे वकील
