Headlines

पश्चिमी सिंहभूम में छात्र को सांप ने डसा:चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत, परिजन देरी से लेकर पहुंचे थे हॉस्पिटल




पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कायदा गांव में 12 वर्षीय छात्र विकास आंगरिया की सर्पदंश से मौत हो गई। विकास उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कोनेना में छठी कक्षा का छात्र था। उसकी मौत चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, विकास रात में अपने घर में सो रहा था। तड़के करीब दो बजे एक विषैले सांप ने उसके हाथ की उंगली में काट लिया। सांप के काटने के बाद उसने परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने पहले पारंपरिक तरीके से उसका उपचार कराया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और तबीयत लगातार बिगड़ती गई। गुरुवार सुबह परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोइलकेरा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया। एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद इलाज के दौरान विकास की मौत हो गई। विकास की असमय मौत से परिवार और पूरे गांव में दुख का माहौल है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कोनेना के शिक्षक और छात्र भी अपने सहपाठी की मौत की खबर से प्रभावित हुए हैं। गौरतलब है कि बरसात के मौसम में जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या पारंपरिक उपचार में समय बर्बाद करने के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर इलाज से जान बचाई जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *