Headlines

सीवान में 3 दिन से लापता वेल्डर का शव मिला:मेडिकल जांच कराने निकला था युवक, बाइक अब तक बरामद नहीं; मोबाइल से खुलेगा मौत का कारण




सीवान के मैरवा-नौतन मुख्य मार्ग पर डोंमडिह के पास रविवार रात सड़क किनारे युवक का शव मिलने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए। मृतक की पहचान मैरवा थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी अरविंद कुमार मांझी (30) के रूप में हुई है। वह मोहन मांझी का पुत्र था। अरविंद कोलकाता में वेल्डर का काम करता था और छुट्टी में अपने गांव आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, अरविंद गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से मैरवा के कुमार जांच घर में मेडिकल कराने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। रविवार रात उसका शव डोंमडिह के पास मिला। हालांकि, जिस बाइक से वह घर से निकला था, वह अब तक बरामद नहीं हो सकी है। मोबाइल बंद मिला, परिजनों ने शुरू की तलाश परिजनों ने बताया कि देर शाम तक अरविंद के घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ मिल रहा था। इसके बाद परिवार के लोगों ने मैरवा बाजार, आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर अरविंद की तलाश कराने की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद रविवार रात डोंमडिह के पास सड़क किनारे उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शव मिलने के बाद लोगों का फूटा आक्रोश अरविंद का शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक के लापता होने की सूचना पुलिस को समय रहते दे दी गई थी। इसके बावजूद उसकी तलाश में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई। मृतक के भाई ने कहा कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होकर अरविंद की तलाश करती तो संभव है कि उसकी जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। मोबाइल, बाइक और सीसीटीवी से खुलेगा मौत का राज मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मोबाइल फोन की जानकारी, बाइक और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। जांच की जिम्मेदारी पीएसआई चंदन कुमार चौबे को दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गुरुवार को घर से निकलने के बाद अरविंद कहां गया था और उसके साथ क्या हुआ। उसकी बाइक का अब तक नहीं मिलना भी जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है। दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या? तीनों एंगल पर जांच सदर-2 एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि युवक के लापता होने से लेकर शव बरामद होने तक के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मोबाइल, सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई, उसने आत्महत्या की या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई। पुलिस के अनुसार, जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों का इंतजार है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *