Headlines

भाखड़ा पाइपलाइन पर टी-कनेक्शन का काम शुरू:हांसी के चैनत गांव में सत्संग के बाद धरना समाप्त; 61 दिनों तक चला प्रदर्शन




हांसी के गांव चैनत में भाखड़ा पाइपलाइन पर टी-कनेक्शन की मांग को लेकर 61 दिनों से चल रहा धरना समाप्त हो गया है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के आश्वासन के बाद प्रशासन ने टी-कनेक्शन लगाने का काम शुरू कर दिया है। बुधवार देर रात से पाइपलाइन पर टी लगाने का कार्य जारी है, जिसके गुरुवार को पूरा होने की उम्मीद है। बुधवार को हांसी के उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल धरना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और आंदोलन की सफलता पर खुशी व्यक्त की। हालांकि, धरने को बुधवार को ही समाप्त घोषित कर दिया गया था, लेकिन ग्रामीणों ने गुरुवार शाम सत्संग के बाद औपचारिक रूप से धरना स्थल समेटने का निर्णय लिया है। 61 दिनों से धरने पर थे ग्रामीण ग्रामीण हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पाइपलाइन से गांव चैनत को टी-कनेक्शन देने की मांग को लेकर 61 दिनों से धरने पर थे। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने भूख हड़ताल भी की। प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ताएं हुईं और यह मुद्दा पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना रहा। मंत्री खट्टर के साथ मीटिंग में बनी सहमति इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री, दो मंत्रियों, हांसी विधायक विनोद भयाना, उपायुक्त और एसडीएम के साथ हुई कई वार्ताएं असफल रही थीं। आखिरकार, बुधवार को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ हुई बैठक में सहमति बनी और सरकार ने ग्रामीणों की टी-कनेक्शन की मांग स्वीकार कर ली। अब टी लगाने का काम शुरू टी-कनेक्शन लगाने का कार्य अब अंतिम चरण में है। इसके साथ ही 61 दिनों से चला आ रहा यह आंदोलन भी समाप्त हो जाएगा। ग्रामीणों ने इसे अपनी एकजुटता और शांतिपूर्ण संघर्ष की जीत बताया है। सरकार के लिए भी इस लंबे विवाद का समाधान एक राहत मानी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *