Headlines

जाखल में किसानों का रेल रोको आंदोलन टला:रेलवे को 10 दिन की मोहलत, बोले-15 तक रास्ता नहीं बना तो फिर होगा आंदोलन




फतेहाबाद जिले की जाखल मंडी का रास्ता बंद होने के कारण लंबे समय से परेशानी झेल रहे किसानों और स्थानीय लोगों के आंदोलन के बीच सोमवार को प्रशासन और रेलवे की ओर से बड़ी पहल सामने आई। 15 सदस्यीय कमेटी के आग्रह पर डीसी डॉ. विवेक भारती ने जाखल पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों और रेलवे अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने अस्थायी रास्ते का काम पूरा करने के लिए 10 दिन का समय मांगा। डीसी के जाखल पहुंचने से पहले ही रेलवे के सभी संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। दूसरी ओर रेलवे ने काम में तेजी लाते हुए अस्थायी फाटक को पहले निर्धारित स्थान से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया। मौके पर पहुंचने के बाद डीसी ने सबसे पहले अधिकारियों और किसानों से पूरे मामले की जानकारी ली। किसानों ने भी 10 दिन का समय पर सहमति जताई बातचीत के दौरान रेलवे अधिकारियों ने डीसी के सामने कहा कि रास्ते का काम पूरा करने में करीब 10 दिन का समय लगेगा। इस पर किसानों ने भी 10 दिन का समय देने पर सहमति जताई, लेकिन स्पष्ट कर दिया कि यदि निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं हुआ तो उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों ने जल्द काम पूरा करने का भरोसा दिलाया। रेल रोको आंदोलन फिलहाल स्थगित इस आश्वासन के बाद किसानों ने 6 अक्टूबर को प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया है। अब रेलवे को 10 दिन की मोहलत दी गई है और किसानों ने स्पष्ट किया है कि 15 अक्टूबर तक रास्ता तैयार नहीं हुआ तो वे दोबारा धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन करने को मजबूर होंगे। गौरतलब है कि जाखल मंडी का रास्ता बंद होने के कारण धान सीजन में किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि मंडी तक पहुंचने के लिए उन्हें लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहे हैं। इसी समस्या को लेकर किसानों ने 15 अगस्त को काला दिवस मनाकर बाजार बंद किया था और बाद में 15 सदस्यीय कमेटी बनाकर आंदोलन को आगे बढ़ाया। अब सोमवार को डीसी के मौके पर पहुंचने और रेलवे द्वारा 10 दिन में काम पूरा करने का भरोसा दिए जाने के बाद फिलहाल रेल रोको आंदोलन टल गया है। हालांकि किसानों ने साफ कर दिया है कि 15 अक्टूबर तक समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन फिर तेज किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *