![]()
बिलासपुर के खारंग नदी में राखड़ पाटने की शिकायत लेकर परसदा गांव के ग्रामीण कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि नदी में लगातार राखड़ डाले जाने से पानी प्रदूषित हो रहा है और जलीय जीव-जंतुओं के साथ पर्यावरण को भी नुकसान का खतरा है। ग्रामीणों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बिलासपुर एसडीएम को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कलेक्टर को दिए ज्ञापन में बताया कि कुछ लोग लगातार खारंग नदी में राखड़ डाल रहे हैं। इससे नदी का पानी खराब हो रहा है। साथ ही नदी में रहने वाले जीव-जंतुओं और आसपास के पर्यावरण पर भी इसका असर पड़ रहा है। जनदर्शन में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग अपनी अलग-अलग समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें राजस्व मामलों में देरी, ट्रांसफार्मर खराब होने से फसल को नुकसान, मुआवजा और अन्य जनहित से जुड़े मामले शामिल रहे। कलेक्टर ने ज्यादातर मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम शिवकुमार बनर्जी और अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। महीनेभर से खराब ट्रांसफार्मर, फसल पर असर बोडसरा गांव के किसानों ने बताया कि अस्पताल के पास लगा ट्रांसफार्मर करीब एक महीने से खराब है। इसके कारण खेतों में सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है और धान की फसल प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि उन्होंने जेई बरतोरी और एई बिल्हा को कई बार इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। बिजली नहीं होने से कृषि पंप बंद हैं और गांव में पेयजल की समस्या भी हो रही है। किसानों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन भेजकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऋण पुस्तिका के लिए लगा रही चक्कर बेलगहना तहसील के कोनचरा गांव की धनबाई गंधर्व ने शिकायत की कि तहसील कार्यालय से उन्हें ऋण पुस्तिका नहीं दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिए वह कई बार कार्यालय के चक्कर लगा चुकी हैं। कलेक्टर ने एसडीओ राजस्व कोटा को ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पीएम आवास की आखिरी किस्त नहीं मिली सिरगिट्टी निवासी सुरेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बने घर की अंतिम किस्त दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि वार्ड कार्यालय और नगर निगम में शिकायत करने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया और इसका लिखित कारण भी नहीं बताया गया। वहीं नगर पंचायत मल्हार के वार्ड नंबर 10 निवासी रामचरण कैवर्त ने आगजनी से हुए नुकसान का मुआवजा मांगा। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे शॉर्ट सर्किट से उनके घर और दुकान में आग लग गई थी। इससे करीब 4 से 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की।
Source link
खारंग नदी में राखड़ पाटने की होगी जांच:जनदर्शन में ग्रामीणों की शिकायत, कलेक्टर ने निर्देश दिए; बोड़सरा में ट्रांसफार्मर खराब होने से फसल चौपट
