![]()
चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार तत्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से (करीब 2 करोड़ की कीमत) 1 किलो 11 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गुरलाल सिंह उर्फ लाल पिछले करीब 8 साल से ड्रग तस्करी कर रहा था और करीब 3 साल से चंडीगढ़ में हेरोइन सप्लाई कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह हर महीने करीब 5 से 6 किलो हेरोइन चंडीगढ़ में सप्लाई करता था। आरोपी अर्शदीप सिंह का पिता पंजाब पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि अर्शदीप किस तरह इस नेटवर्क के संपर्क में आया और उसकी भूमिका कितनी थी। गुरसाब उर्फ साबा मुख्य आरोपी हरदीप सिंह उर्फ दीप का राइट हैंड था। वह उसके साथ मिलकर ड्रग के साथ हथियारों की सप्लाई भी करता था। गुरसाब के कब्जे से 57 ग्राम हेरोइन के अलावा एक देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया है कि गुरलाल मलोया और सेक्टर-56 में हेरोइन की सप्लाई करता था। उसके खिलाफ पंजाब में अलग-अलग जगहों पर NDPS और आर्म्स एक्ट के कई केस दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क का कथित मुख्य हैंडलर हरदीप सिंह उर्फ दीप है, जो फिलहाल फरार है। इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह सेखों को इस नेटवर्क के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने गुरलाल को हरियाणा के करनाल से, गुरसाब उर्फ साबा और अर्शदीप को मोगा के धर्मकोट के पास और जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी को मलोया से गिरफ्तार किया। यह पूरी कार्रवाई चंडीगढ़ पुलिस के डीआईजी राजीव रंजन के सुपरविजन और इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह सेखों की अगुवाई में की गई। पाकिस्तान बॉर्डर से पंजाब तक आती हेरोइन जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान से लगते पंजाब बॉर्डर के रास्ते हेरोइन मंगवाकर आगे सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मुख्य हैंडलर हरदीप सिंह उर्फ दीप पाकिस्तान बॉर्डर के जरिए हर महीने करीब 22 किलो हेरोइन पंजाब मंगवाता था। इसके बाद नेटवर्क से जुड़े लोग इसे अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करते थे। पुलिस को इस नेटवर्क में ड्रोन के जरिए सीमा पार से ड्रग सप्लाई किए जाने का भी शक है। इसी एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जानिए किस आरोपी से क्या मिला पुलिस के मुताबिक, बरनाला निवासी 30 वर्षीय जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी से 284 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वह टैक्सी ड्राइवर है। उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। करनाल के निसिंग निवासी 36 वर्षीय गुरलाल सिंह उर्फ लाल से सबसे ज्यादा 514 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उसके खिलाफ पहले से कई NDPS और आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं। मोगा के धर्मकोट के गांव शेरपुरी ताइबन निवासी 24 वर्षीय अर्शदीप सिंह से 156 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ 2024 में मोरिंडा थाने में NDPS एक्ट का केस दर्ज है। वहीं 24 वर्षीय गुरसाब उर्फ साबा से 57 ग्राम हेरोइन, एक देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। उसके खिलाफ भी मोरिंडा थाने में NDPS एक्ट का केस दर्ज है।
Source link
चंडीगढ़ में 2 करोड़ की हेरोइन सहित 4 अरेस्ट:ऑपरेशन सेल का एक्शन, एक आरोपी का पिता सब-इंस्पेक्टर; 3 साल से तस्करी कर रहा गुरलाल
