Headlines

कानपुर में लोडर की टक्कर से गार्ड की मौत:ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रहे थे, टक्कर मारकर चालक फरार




कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दादा नगर फैक्ट्री एरिया में बुधवार रात तेज रफ्तार लोडर ने पैदल घर जा रहे गार्ड को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गार्ड गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों ने लोडर चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन लेकर फरार हो गया। घायल के पास मिले मोबाइल फोन से राहगीरों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। बेटा मौके पर पहुंचा और उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लोडर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रहे थे गंगाधारी काकादेव थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर निवासी गंगाधारी (65) दादा नगर की एक फैक्ट्री में गार्ड थे। बुधवार रात करीब 8 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद वह पैदल घर लौट रहे थे। दादा नगर फैक्ट्री एरिया में पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गंगाधारी उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसा देखकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने लोडर चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौका पाकर वाहन समेत फरार हो गया। गंगाधारी के पास मिले मोबाइल फोन से राहगीरों ने उनके परिवार को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही उनका बेटा गौतम मौके पर पहुंचा और राहगीरों की मदद से पिता को निजी अस्पताल लेकर गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गंगाधारी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को हादसे की सूचना दी। गोविंद नगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से परिवार में मातम है। गंगाधारी के बेटे गौतम ने बताया कि वह खुद एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता है। पिता ही परिवार का मुख्य सहारा थे। मां शांति देवी की वर्ष 2016 में मौत हो चुकी है। उनकी दो बहनें हैं, दोनों की शादी हो चुकी है। पिता की सड़क हादसे में मौत से पूरा परिवार सदमे में है। सीसीटीवी से लोडर चालक की तलाश गोविंद नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि हादसे के बाद लोडर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान कर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *