![]()
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी), अग्रोहा के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन किया गया। जिसमें आरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल अग्रोहा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अग्रोहा और राजकीय हाई स्कूल मीरपुर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना विकसित करना रहा। कॉलेज के निदेशक डॉ. करनदीप सिंह के नेतृत्व तथा सामुदायिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। स्वस्थ आदतें अपनाने और दूसरों को जागरूक करने पर जोर कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, स्वच्छ पेयजल, पर्यावरण संरक्षण और रोगों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया। विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में नए और रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि वे स्वयं स्वस्थ आदतें अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें। इस अवसर पर सामुदायिक चिकित्सा विभाग की टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार तथा सामुदायिक भागीदारी के महत्व की जानकारी दी। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने छोटे-छोटे प्रयासों और उपयोगी विचारों के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने, बीमारियों की रोकथाम करने और समुदाय के जीवन स्तर में सुधार लाने में योगदान दें। कार्यक्रम में ये डॉक्टर्स रहे मौजूद कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा और जनस्वास्थ्य के बीच समन्वय स्थापित करने तथा विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक संवेदनशीलता और नवाचार की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में डॉ. सीमा चौधरी, डॉ. नीलू सलूजा, डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. स्नेह कुमारी, डॉ. दिव्य कंसल, डॉ. वैभव, डॉ. मनीष कुंडू, डॉ. मनीषा, डॉ. मोनिका, डॉ. अर्जुन, डॉ. सभया, डॉ. अंकेश पूनिया, डॉ. अन्नू यादव, डॉ. राजेश, डॉ. कपिल, डॉ. भारती, डॉ. अक्षय, डॉ. हर्षिता और डॉ. प्रियंक सहित अन्य चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।
Source link
अग्रोहा में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम:तीन स्कूलों के छात्रों ने लिया भाग, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण पर जोर
