![]()
जालंधर ग्रामीण पुलिस के सीआईए (CIA) स्टाफ को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने दो पुराने शातिर नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 ग्राम हेरोइन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों पर एसपी विनीत आहलावत और डीएसपी लखविंदर सिंह की देखरेख में सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली के नेतृत्व में अंजाम दी गई। मदारा गेट और रामपुर लल्लियां के पास हुई गिरफ्तारियां पुलिसके अनुसार, पहली कार्रवाई के तहत सीआईए टीम ने मदारा गेट के पास नाकाबंदी के दौरान आदमपुर निवासी नरेश कुमार उर्फ केशा को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं दूसरी कार्रवाई में, पुलिस टीम ने अड्डा रामपुर लल्लियां के पास शाहकोट निवासी सुरिंदर सिंह को उसकी मोटरसाइकिल सहित काबू किया, जिसकी तलाशी के दौरान उसके पास से भी 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मुकदमे एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के काले कारोबार में संलिप्त थे और वे खुद भी नशे की लत के शिकार हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी नरेश कुमार के खिलाफ पहले से नशा तस्करी व अन्य अपराधों के 6 मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी सुरिंदर सिंह के खिलाफ 3 मुकदमे दर्ज हैं। संपत्ति जब्त करने की तैयारी में पुलिस एसएसपी ने आगे बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि वे हेरोइन की खेप कहां से लाते थे (बैकवर्ड लिंकेज) और आगे किन-किन लोगों को सप्लाई करते थे (फॉरवर्ड लिंकेज)। इसके अलावा, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी की काली कमाई से आरोपियों द्वारा बनाई गई अवैध संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है, जिसे कानून के तहत जब्त किया जाएगा।
Source link
जालंधर में 200 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:200 ग्राम हेरोइन और बाइक बरामद, दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
