![]()
चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की फटकार के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड ने राजिंदर कुमार की जगह पूर्व सचिव मनोज शर्मा को दोबारा जिम्मेदारी सौंप दी है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने, देर से कार्यालय पहुंचने और बिना अनुमति गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। मंडी में सुधार कार्य नवरात्र से शुरू करने की योजना है। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने वीरवार को मंडी का औचक दौरा कर पैदल निरीक्षण किया था। इस दौरान टूटी सड़कों, बदहाल सीवरेज और सफाई व्यवस्था की स्थिति देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई थी। उन्होंने नगर निगम और इंजीनियरिंग विभाग को बुनियादी सुविधाएं जल्द दुरुस्त करने और विकास कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए थे। मनोज शर्मा पहले भी रह चुके सचिव चंडीगढ़ प्रशासन के प्रवक्ता के अनुसार, मनोज शर्मा पहले भी मार्केट कमेटी के सचिव रह चुके हैं। उन्हें राजिंदर कुमार की जगह दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनोज शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई जांच चल रही है। प्रशासक के दौरे के बाद मंडी की व्यवस्था सुधारने के साथ कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया जा रहा है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने, देर से कार्यालय पहुंचने या अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। डेढ़ साल में चौथी बार मंडी पहुंचे प्रशासक गुलाब चंद कटारिया करीब डेढ़ साल में चौथी बार सेक्टर-26 मंडी का दौरा कर चुके हैं। वीरवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों, सीवरेज, सफाई और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया था। शौचालयों में साफ-सफाई और रखरखाव की कमी मिलने पर नगर निगम को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने मंडी में तैनात कर्मचारियों की हाजिरी भी जांची थी। साथ ही, काम में लापरवाही बरतने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को बदलने के निर्देश दिए थे। प्रशासक ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा था कि मंडी जैसी सार्वजनिक जगह पर लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़कों की री-कारपेटिंग और सीवरेज सुधारने के निर्देश प्रशासक ने मंडी की सड़कों की री-कारपेटिंग और सीवरेज से जुड़े काम तय समय सीमा में पूरा करने को कहा था। उन्होंने यूटी चंडीगढ़ के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा से मंडी में चल रहे विकास कार्यों और अब तक की कार्रवाई की जानकारी भी मांगी थी। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव और मार्केटिंग बोर्ड के सचिव डी. कार्तिकेयन को भी मौके पर बुलाया गया था। अधिकारियों के साथ मंडी की व्यवस्थाओं और सुधार कार्यों पर चर्चा की गई। अब प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू होने के बाद मंडी की सड़कों, सीवरेज और सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
Source link
चंडीगढ़ मंडी में प्रशासक कटारिया की फटकार के बाद कार्रवाई:गैरहाजिर और लापरवाह कर्मचारियों पर भी गिरेगी गाज, नवरात्र से शुरू होंगे सुधार कार्य
