![]()
भारतीय सेना की गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और सेना तक पहुंचाने के आरोप में फरीदकोट की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। मामले में भारत-चीन सीमा पर तैनात सेना के 2 जवानों को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान हरिंदरा नगर की रहने वाली गुरनूर सिद्धू के रूप में हुई है। वहीं, दो सैन्यकर्मी भी पंजाब के रहने वाले हैं। दोनों सैन्यकर्मी सेना की खुफिया जानकारी महिला तक पहुंचाते थे। इसके बाद महिला उस जानकारी को आगे पाकिस्तान में बैठे ISI एजेंटों को भेजती थी। इस बारे में काउंटर इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने कुछ भी जानकारी देने से इनकार किया है। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि गिरफ्तार महिला तलाकशुदा है और उसने केस में नामजद एक सैन्य कर्मी से दूसरी शादी की है। उसका आरोपी पति ही अपने साथी सैन्य कर्मचारी के साथ मिलकर आर्मी की जानकारियां उपलब्ध करवाता था, जिसे महिला आगे ISI को भेज रही थी। पुलिस उस महिला से पूछताछ कर रही है। वहीं, सेना के जवानों की गिरफ्तारी के लिए सैन्य अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद ये जानकारी दी महिला ने जाली दस्तावेज तैयार करवाए सूत्रों के अनुसार, असल में यह महिला मूल रूप से फिरोजपुर की निवासी है और उसने फरीदकोट की निवासी होने के जाली दस्तावेज तैयार करवाए हुए हैं। फरीदकोट की खुफिया व सुरक्षा एजेंसियों की ओर से भी मामले की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों ने फरीदकोट सैन्य छावनी की कोई जानकारी तो पाकिस्तान नहीं भेजी है?
Source link
पंजाब- जासूसी के आरोप में महिला गिरफ्तार:सैनिक पति से सेना की जानकारी लेकर PAK भेज रही थी; भारत-चीन सीमा पर तैनात 2 जवान नामजद
