Headlines

Selena Gomez Inspiring Journey: Overcoming Fear for Mental Health Success


50 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी एक्ट्रेस और सिंगर सेलेना गोमेज मेंटल हेल्थ के लिए 100 मिलियन डॉलर जुटाने की पहल से चर्चा में हैं। उनके लिए जीवन के मायने, उन्हीं की जुबानी… मैंने जिंदगी में एक बात सीखी है कि हर चीज का जवाब हमारे पास पहले से होना जरूरी नहीं है। कई बार हम किसी काम को शुरू करना चाहते हैं, लेकिन डरते हैं कि कहीं सब गलत न हो जाए। मैं भी डरती थी। जब मैंने अपना कॉस्मेटिक्स का कारोबार शुरू करने के बारे में सोचा, तो मुझे डर लगता था। इस ख्याल को हकीकत बनाने में दो-तीन साल लगे। मुझे लगता था अगर कुछ गलत हो गया तो क्या होगा? फिर समझा कि जिंदगी में कुछ नया करने के लिए हिम्मत चाहिए। डर का होना गलत नहीं, डर के बावजूद आगे बढ़ना जरूरी है। मैंने जाना कि कोई सपना रातोंरात पूरा नहीं होता। उसके पीछे वक्त लगता है, मेहनत लगती है और खुद पर भरोसा करना पड़ता है। जब आप कोई नई चीज बनाने निकलते हैं, तो आपके पास हर सवाल का जवाब नहीं होता। मेरे दिमाग में भी तरह-तरह के खयाल आते हैं। कभी किसी नए प्रोडक्ट का विचार आता है, कभी लगता है ऐसा कुछ बनाया जाए जो लोगों के काम आए। मैं सवाल पूछती हूं, नए ख्याल साझा करती हूं और उन्हें हकीकत में बदलने की कोशिश करती हूं। मैंने सीखा है कि कोई सवाल छोटा या बेवकूफी भरा नहीं होता। आप कुछ नया करना चाहते हैं, तो पूछने, सीखने और गलतियों से गुजरने में झिझकना नहीं चाहिए। कामयाबी का मतलब सिर्फ बड़ा कारोबार खड़ा करना या मशहूर होना नहीं है। मेरे काम से किसी की जिंदगी में कुछ अच्छा बदलाव आए। लोग खुद को बेहतर महसूस करें, उन्हें जरूरी जानकारी मिले और उन्हें एहसास हो कि वे अकेले नहीं हैं। अगर मेरी कोशिश किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सके या मुश्किल वक्त में थोड़ी हिम्मत दे सके, तो बड़ी बात है। हमारी कामयाबी का असली मतलब तब बनता है, जब उसमें दूसरों के लिए जगह हो। मैं हर दिन थोड़ा बेहतर होने की कोशिश करती हूं। जरूरी नहीं मैं एक दिन में मंजिल तक पहुंच जाऊं। कभी कदम छोटा होता है, कभी बड़ा, लेकिन चलती रहती हूं। जब आप पीछे मुड़कर अपनी पुरानी परेशानियों को उसी बेचैनी से देखना बंद कर देते हैं, तो इसका अर्थ है आपने खुद पर काम किया है और अपनी देखभाल करना सीखा है। मैं जिंदगी से बड़ी चीजें नहीं मांगती। खुश रहना चाहती हूं और उन कामों को करना चाहती हूं, जिनसे मोहब्बत है। अगर अपने काम से खुश नहीं हूं, तो उसे छोड़ने की हिम्मत रखती हूं। हर मौके की कद्र करती हूं, लेकिन अपनी पूरी कीमत को अपनी कामयाबी से नहीं जोड़ती। कामयाबी बदल सकती है, लेकिन इंसान होने के नाते हमारी अहमियत उससे कहीं ज्यादा है।

हर वक्त मजबूत बने रहना जरूरी नहीं मन उलझा है, तो दूसरों की सलाह समझ में नहीं आती। ऐसे में खुद को थोड़ा वक्त दें। अपने जज्बातों को गलत न समझें, उन्हें महसूस करना ठीक है। हर वक्त मजबूत बनना जरूरी नहीं है। आज का मुश्किल वक्त आपकी पूरी जिंदगी नहीं है। कल एक नया दिन है। (तमाम इंटरव्यू में…)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *