पंजाब-चंडीगढ़ में आज बारिश की संभावना:तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे, सुबह ठंड; कल तेज हवाएं चलेंगी




पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। सुबह और रात के समय ठंडक महसूस होने लगी है। रविवार (11 अक्टूबर) को पंजाब के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, चंडीगढ़ में आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। यहां एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पंजाब में अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे अधिक 33.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। 22 जिलों में बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के 8 जिलों पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, रूपनगर और मोहाली में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। 12 अक्टूबर को तेज हवाएं चलने के आसार मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर को पंजाब और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ मौसम बदलने का पूर्वानुमान दिया है। पंजाब में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। चंडीगढ़ में भी बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पंजाब में 13 से 15 अक्टूबर के दौरान भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हरियाणा के ऊपर चक्रवाती हवाओं का असर मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ अब हिमाचल प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है। बिजली की मांग 10 हजार मेगावाट से नीचे पंजाब में बिजली की मांग 9,914 मेगावाट दर्ज की गई। राज्य में 5,204 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ। बिजली लेने का शेड्यूल 5,248 मेगावाट था, जबकि 4,712 मेगावाट बिजली ही ली गई। यानी तय मात्रा से 536 मेगावाट कम बिजली ली गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *