![]()
चंडीगढ़ पुलिस में कई सालों से ऑर्डरली रूम प्रमोशन (ओआरपी) के तहत डीएसपी के पद पर काम कर रहे अधिकारियों के नियमित होने का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को दिल्ली में हुई डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी (डीपीसी) की बैठक में 11 डीएसपी को नियमित करने संबंधी प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई। डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा खुद संबंधित फाइल लेकर दिल्ली गए थे। उनके साथ आईजीपी पुष्पिंदर भी मौजूद थे। अब जल्द इन अधिकारियों को नियमित डीएसपी बनाने के आदेश जारी होने की उम्मीद है। इसके अलावा एक इंस्पेक्टर को भी ओआरपी डीएसपी बनाया जाएगा। ये अधिकारी बनेंगे डीएसपी नियमित डीएसपी बनने वालों में श्री प्रकाश, मंजू, गुरजीत कौर, जसविंदर कौर, सुखदीप, नीरज सरना, रणजोत सिंह, मलकीत और पूनम दिलावरी के नाम शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नियमित किए जाने वाले अधिकारियों की कुल संख्या 11 है। दो पहले हुए रिटायर चंडीगढ़ पुलिस में दो ओआरपी डीएसपी दलबीर सिंह भिंडर और डीएसपी दिलबाग सेवानिवृत्त हो चुके हैं। दोनों नियमित डीएसपी नहीं बन पाए थे। ऐसे में उन्हें इंस्पेक्टर के पद के अनुसार ही सेवानिवृत्ति लाभ मिलेंगे। वहीं, वर्ष 2027 में भी दो ओआरपी डीएसपी के सेवानिवृत्त होने की संभावना थी। अब नियमित डीएसपी बनने के बाद सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों को डीएसपी पद के अनुसार लाभ मिल सकेंगे। कांस्टेबलों को भी प्रमोशन, हेड कांस्टेबल बनाया चंडीगढ़ पुलिस में प्रमोशन की मांग को लेकर कांस्टेबलों ने केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद डीजीपी ने वर्ष 2009 बैच और आईआरबी के जवानों को प्रमोशन देकर हेड कांस्टेबल बनाया। दीपावली के आसपास अन्य कांस्टेबलों को भी प्रमोशन मिलने की संभावना है। लोकल रैंक देकर प्रमोशन की प्रक्रिया जारी प्रमोशन और वरिष्ठता के मुद्दे पर सब इंस्पेक्टर भी कैट पहुंचे थे। इसके बाद डीजीपी ने जवानों को प्रमोशन के संबंध में आश्वासन दिया। विभाग में तीन सब इंस्पेक्टरों को प्रमोट कर नियमित इंस्पेक्टर बनाया गया, जबकि 10 सब इंस्पेक्टरों को ओआरपी इंस्पेक्टर का रैंक दिया गया। इसके अलावा कुछ सब इंस्पेक्टरों को लोकल रैंक देकर इंस्पेक्टर बनाया गया। डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा के कार्यकाल में पुलिसकर्मियों को लोकल रैंक देकर प्रमोशन देने की प्रक्रिया भी जारी है। इससे लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे जवानों को राहत मिल रही है। विभाग में नियमित प्रमोशन के साथ लोकल रैंक के जरिए भी कर्मचारियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
Source link
चंडीगढ़ पुलिस में 11 ORP DSP बनेंगे:DPC ने लगाई मुहर, DGP फाइल लेकर दिल्ली पहुंचे; कांस्टेबलों को भी मिलेगा प्रमोशन
