![]()
अबोहर के नानक नगरी निवासी 22 वर्षीय युवक की पंजपीर टिब्बा इलाके में कथित तौर पर नशे की ओवरडोज से हुई मौत का मामला अब गरमा गया है। चंडीगढ़ तक मामला पहुंचने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार जाखड़ शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और अपना दुख व्यक्त किया। इस दौरान उनके साथ अबोहर के विधायक संदीप जाखड़, एमसी नीरज सचदेवा और संजीव चाहर समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे। सुनील जाखड़ ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी भाजपा टीम और वे खुद परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि एक नौजवान बेटे का दुनिया से जाना बेहद दर्दनाक है। इसके साथ ही उन्होंने मृतक की मां और बहन के साहस की तारीफ की, जिन्होंने चंडीगढ़ तक अपनी आवाज पहुंचाकर पंजाब में नशे की गंभीर स्थिति को उजागर किया। पंजाब सरकार और कानून व्यवस्था पर बोला हमला पंजाब में फैल रहे नशे के जाल और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सुनील जाखड़ ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा तस्करों को पुलिस का बिल्कुल भी डर नहीं रह गया है। जाखड़ ने कहा, “पंजाब सरकार ने खुद गुंडे पाल रखे हैं, जिनसे पुलिस भी कार्रवाई करने में घबराती है। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को राजनीति में शामिल किया जा रहा है और जो कोई भी नशे के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे सरेआम निशाना बनाया जाता है।” 4 दिन पहले झाड़ियों में मिला था शव उल्लेखनीय है कि अबोहर की नानक नगरी (गली नंबर 6) का रहने वाला 22 वर्षीय लवप्रीत बीते दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। लगभग चार दिन पहले उसका शव पंजपीर टिब्बा के पास झाड़ियों में बरामद हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि लवप्रीत की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है, जिसके बाद से इलाके में पुलिस और प्रशासन के खिलाफ काफी रोष देखने को मिल रहा है।
Source link
अबोहर में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत:पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ पीड़ित परिवार से मिले, पंजाब सरकार पर साधा निशाना
