![]()
औरंगाबाद में रविवार को उत्तर कोयल नहर में डूबने से एक वृद्धि की मौत हो गई। मृतक मिर्जापुर गांव निवासी कृष्णा पासवान (50) हैं। उत्तर कोयल नहर के री-मॉडलिंग कार्य और उसके नए डिजाइन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच और आवश्यक सुधार की मांग की है। जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर स्थानीय लोगों ने नहर के फाटक के पास पानी में एक शव उपलाता देखा। इसकी सूचना तत्काल कुटुंबा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से पोकलेन मशीन की मदद से लाश को निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मामला कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढ़ीबर पिपरा गांव के पास का है। मृतक के परिजनों ने बताया कि कृष्णा पासवान रविवार सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। इसी बीच नहर में शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों का अनुमान है कि नहर के किनारे उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। मुआवजे की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने उत्तर कोयल नहर के री-मॉडलिंग कार्य पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले नहर में जगह-जगह सीढ़ीनुमा ढलान बनी हुई थी, जिससे दुर्घटना की स्थिति में लोग और मवेशी आसानी से बाहर निकल जाते थे, लेकिन आधुनिकीकरण के दौरान इन सुरक्षा सुविधाओं को समाप्त कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि नए डिजाइन में सुरक्षा की अनदेखी की गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से नहर के री-मॉडलिंग कार्य की तकनीकी जांच कराने, आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही मृतक कृष्णा पासवान के आश्रितों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
Source link
उत्तर कोयल नहर में बुजुर्ग की डूबकर मौत:शौच के लिए घर से निकले थे, पैर फिसलने से परिजन जता रहे हादसे की आशंका
