Headlines

ऊना में टाइलों से लदे ट्रक में भीषण आग:बठिंडा निवासी ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान; केबिन और 10 लाख का माल खाक




हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल अंब के सिकरां दा परों में शनिवार देर रात टाइलों से लदे एक ट्रक के केबिन में आग लग गई। इस घटना में ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, हालांकि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से ट्रक में लदा करीब 40 लाख रुपये का टाइलों का सामान सुरक्षित बचा लिया गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। बठिंडा के करमाल वाला निवासी ट्रक चालक सुरजीत सिंह ने बताया कि वह गुजरात से प्रागपुर के लिए टाइलें लेकर जा रहे थे। सिकरां दा परों के पास चढ़ाई चढ़ते समय उनके केबिन के नीचे अचानक स्पार्किंग हुई, जिसके बाद केबिन से आग और धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। सुरजीत सिंह ने बताया कि धुआं और आग की लपटें उठती देख उन्होंने और उनके क्लीनर ने तुरंत ट्रक की खिड़कियां खोलकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने तत्काल 112 आपातकालीन सेवा पर घटना की सूचना दी। 112 कंट्रोल रूम ने सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और अंब पुलिस थाने को अलर्ट किया। सूचना मिलने के महज 19 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पाने से ट्रक में लदा लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का टाइलों का सामान सुरक्षित बच गया। घटना की सूचना पर अंब पुलिस थाने की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। डीएसपी अंब अनिल पाटिल ने मामले की पुष्टि की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *