Headlines

कनाडा में पत्नी पर नजर रखने को लगाया हिडन कैमरा:बंधक बनाकर रखा, घर के लिए 2 करोड़ मांगे; अंबाला में 3 साल पहले हुई शादी




अंबाला सिटी के महावीर नगर की विवाहिता ने पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और धमकाने के आरोप लगाए हैं। विवाहिता सिमरनप्रीत कौर की शिकायत पर अंबाला सिटी थाना पुलिस ने पति रमदीप सिंह, ससुर राजपाल सिंह और सास राजवंत कौर के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत में विवाहिता ने पति पर कनाडा में घर लेने के नाम पर 2 करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया है। विवाहिता के अनुसार उसकी शादी 29 जनवरी 2023 को सिख रीति-रिवाज से महावीर नगर निवासी रमदीप सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में उसे पता चला कि पति कोई काम नहीं करता और घर पर ही रहता है। उसने शुरुआत में इसकी जानकारी अपने मायके वालों को नहीं दी। मायके से पैसे लाने का दबाव, सास पर वेतन लेने का आरोप शिकायत के मुताबिक कुछ समय बाद ससुराल वाले उससे पैसों की मांग करने लगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर उसे मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाया जाता था। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति और ससुराल वाले गाली-गलौज करते और मायके वालों के बारे में भी अपशब्द कहते थे। विवाहिता के अनुसार शादी के करीब 3 महीने बाद उसका पति कनाडा चला गया। पति की तरफ से खर्च नहीं मिलने पर उसने अंबाला में ही कैपरी गोल्ड लोन में निजी नौकरी शुरू की। आरोप है कि नौकरी से मिलने वाला वेतन उसकी सास अपने पास रख लेती थी। इसके अलावा अंगूठी के लिए भी पैसों की मांग की गई। शिकायत के अनुसार उसकी मां ने 15 हजार रुपए दिए थे। प्लॉट की मांग का भी आरोप विवाहिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि ससुराल वाले उससे प्लॉट की मांग भी करते थे। इसके लिए उसकी मां को मायके से बुलाकर परेशान किया जाता था। उसने ससुर राजपाल सिंह पर भी इसमें शामिल होने का आरोप लगाया है। वहीं, शादी के समय मायके वालों की ओर से दिए गए पैसों में से ससुर द्वारा उसके बैंक खाते से पैसे निकालने का आरोप भी लगाया गया है। विवाहिता ने दावा किया कि बैंक स्टेटमेंट में इसका पता चला। 14 अक्टूबर की रात कमरे में बंद करने का आरोप शिकायत में 14 अक्टूबर 2025 की रात की घटना का भी जिक्र है। विवाहिता के अनुसार रात करीब 1:30 बजे उसका पति, दो ननदें और जीजा शराब के नशे में घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही उसके साथ मारपीट की गई और उसे पूरी रात कमरे में बंद रखा गया। इस दौरान वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने पाया कि शादी में मायके वालों की ओर से दिए गए सोने के आभूषण भी उसके पास नहीं थे। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसे पता चला कि पति ने कमरे में हिडन कैमरा लगा रखा था। शिकायत में पति की गिरफ्तारी का भी उल्लेख किया गया है। भाई बोला- विवाद के बाद रिश्तेदारों के सामने मारपीट की विवाहिता के भाई यशप्रीत सिंह ने बताया कि करीब 7 महीने पहले कनाडा में उसकी बहन के घर के बाहर खड़ी कार से उसका पर्स चोरी हो गया था। घटना CCTV में कैद हुई थी। अगले दिन स्कूल जा रहे कुछ बच्चों ने उसकी बहन को बताया कि पर्स चोरी करने वाला व्यक्ति अभी आसपास घूम रहा है। यशप्रीत के मुताबिक बच्चों से बातचीत और CCTV देखने के बाद उसके जीजा का व्यवहार बदल गया और उन्होंने उसकी बहन पर चीटिंग के आरोप लगाने शुरू कर दिए। यशप्रीत का आरोप है कि इसके बाद जीजा ने बहन के साथ रहने से इनकार कर दिया। कनाडा में रहने वाले रिश्तेदारों को बुलाकर उनके सामने बहन के साथ मारपीट की गई। उसने बताया कि जीजा की ओर से कनाडा पुलिस में यह शिकायत भी दी गई कि उसकी बहन मानसिक रूप से ठीक नहीं है और वह परिवार के लोगों को मारना चाहती है। भाई के अनुसार जब कनाडा पुलिस उसकी बहन को लेने पहुंची तो बहन की तरफ के रिश्तेदारों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को पूरा मामला बताया। इसके बाद पुलिस ने जीजा के खिलाफ कार्रवाई की। यशप्रीत का कहना है कि बाद में जीजा की तरफ से केस वापस लेने पर बहन को दोबारा साथ रखने की बात कही गई, जिसके बाद उन्होंने केस वापस ले लिया। आरोप है कि बाद में फिर वही व्यवहार शुरू होने पर कनाडा में दोबारा केस किया गया। अंबाला लौटने पर घर में घुसने से रोकने का आरोप यशप्रीत के मुताबिक कनाडा से अंबाला लौटने के बाद उसकी बहन महावीर नगर स्थित ससुराल पहुंची तो सास-ससुर ने उसे घर में घुसने नहीं दिया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद विवाहिता ने 3 सितंबर 2026 को अंबाला पुलिस को शिकायत दी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शिकायत जांच के बाद ADR सेंटर से डाक के माध्यम से SP कार्यालय पहुंची। इसके बाद 5 अक्टूबर को अंबाला सिटी थाने में FIR दर्ज की गई। मामले की जांच हेड कांस्टेबल रजनीश कौर को सौंपी गई है। विवाहिता ने पुलिस से दहेज का सामान वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *