![]()
रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाइयां) सुनील कुमार ने शनिवार को रेल कोच फैक्ट्री (RCF) कपूरथला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री की विभिन्न उत्पादन इकाइयों और विनिर्माण सुविधाओं का निरीक्षण कर उत्पादन कार्यों की समीक्षा की। RCF के महाप्रबंधक अजय नंदन ने उनका स्वागत किया। सुनील कुमार ने सबसे पहले शीट मेटल शॉप का निरीक्षण किया और मशीनों के संचालन तथा उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके बाद शेल असेंबली शॉप में कोच शेल निर्माण और जिग्स सुविधा का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन मेमू रेक की प्रगति की भी समीक्षा की। सुनील कुमार ने एक्सआरएफ तकनीक टेस्टिंग प्रक्रिया को भी देखा दौरे के दौरान बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार किए जा रहे कोच रेक का निरीक्षण किया गया। सुनील कुमार ने सीटों की एक्सआरएफ तकनीक से हो रही टेस्टिंग प्रक्रिया को भी देखा। इसके अलावा उन्होंने व्हील शॉप के पास वंदे भारत ट्रेन के बोगी यूनिट्स का निरीक्षण किया। वर्कशॉप निरीक्षण के बाद RCF के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें उत्पादन कार्यक्रमों, गुणवत्ता, तकनीकी उन्नयन, वेंडर विकास और विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने RCF की उपलब्धियों और वर्तमान गतिविधियों की प्रस्तुति भी दी। सुनील कुमार ने बांग्लादेश रेलवे के कोच, मेमू कोच और वंदे भारत ट्रेनसेट जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट समय पर पूरा करने के लिए RCF के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ उत्पादन लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। दौरे के दौरान उन्होंने RCF की मान्यता प्राप्त यूनियनों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। कर्मचारियों ने विभिन्न मुद्दे और मांगें उनके सामने रखीं, जिन पर सुनील कुमार ने उचित विचार का आश्वासन दिया।
Source link
कपूरथला RCF का रेलवे बोर्ड के सदस्य ने किया दौरा:सुनील कुमार ने की उत्पादन की समीक्षा, वंदे भारत और मेमू कोच निर्माण पर जोर
